वह जिस चीज को छूते हैं वो सोना बन जाता है- सुरेश रैना ने जमकर की धोनी की तारीफ
सुरेश रैना ने कहा कि, पूरा भारत धोनी को आईपीएल ट्रॉफी जीतते हुए देखना चाहता है।
अद्यतन - May 24, 2023 5:52 pm

आईपीएल 2023 के क्वालीफायर 1 मैच में चेनई सुपर किंग्स ने गुजारत टाइटंस को 15 रनों से हराया। बता दें इस जीत के साथ ही CSK की टीम फाइनल में अपनी जगह बना चुकी है। साथ ही धोनी के नेतृत्व में यह टीम 10 वीं बार फाइनल में पहुंच चुकी है। वहीं CSK की इस जीत पर टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी सुरेश रैना ने जमकर तारीफ की।
बता दें IPL एक्सपर्ट सुरेश रैना ने कहा कि, देखिए किस तरह से यह टीम फाइनल में पहुंच गई है। 14 सीजन में 10 वीं बार फाइनल, मुझे लगता है यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। धोनी चीजों को एकदम सिंपल रखते हैं। वह इसका क्रेडिट जरूर डिजर्व करते हैं और ऋतुराज ने मुझसे कहा था कि CSK आईपीएल ट्रॉफी धोनी के लिए जीतना चाहती है।
वह जो भी छूते हैं वह सोना बन जाता है- सुरेश रैना
सुरेश रैना ने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, पूरा भारत धोनी को आईपीएल ट्रॉफी जीतते हुए देखना चाहता है। लेकिन आज हमने क्या देखा, इस मैदान पर CSK को हराना बहुत मुश्किल है। वह जो भी छूते हैं वह सोना बन जाता है, इसलिए उनका नाम महेंद्र सिंह धोनी है। इसके साथ ही टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी पार्थिव पटेल ने कहा कि, धोनी ने तीक्ष्णा को स्टंप के अंदर बॉलिंग करने को कहा और फिर ऑफ स्टंप को रिंग की तरह ट्रीट किया।
उन्होंने कहा कि, दरअसल वह हार्दिक को जगह नहीं देना चाहते थे और उनके पास बॉल को हिट करने का और गैप खोजने का मौका नहीं था क्योंकि उस तरफ 6 फील्डर्स मौजूद थे। उनके पास एक ही विकल्प था बॉल को ऊपर से मारना लेकिन गेंद स्टंप पर थी, जिसका मतलब था कि उन्हें अपने लिए रूम बनाना होगा। इस कारण ही उन्होंने अपना विकेट गवां दिया। ऐसे लम्हों को धोनी से बेहतर कोई नहीं समझ सकता कि उस वक़्त किस गेंदबाज की जरूरत है।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि, वह इसे अच्छे से समझते हैं और यह टीम लगातार वापसी कर सकती है। हर खिलाड़ी MSD के योगदान को पहचानता है। वहीं RCB और साउथ अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी एबी डिविलयर्स ने भी कहा कि, MSD और उनके खिलाड़ी जब अपने होम ग्राउंड पर खेलते हैं या जब वे बड़े मैच में खेलते हैं तो आप देख सकते हैं कि वे कैसा प्रदर्शन कर सकते हैं।