डेविड वॉर्नर ने 41 रनों की पारी खेलकर सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा, अपने नाम किया ये खास रिकॉर्ड
डेविड वॉर्नर वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे तेज 1,000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
अद्यतन - Oct 8, 2023 5:47 pm

ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर वनडे वर्ल्ड कप में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। वह अपनी 19वीं वर्ल्ड कप पारी में ही इस मुकाम पर पहुंच गए और इस तरह वॉर्नर वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे तेज 1,000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए। वॉर्नर ने इस दौरान भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डीविलियर्स जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ा।
बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 2015 वर्ल्ड कप में आठ मैचों में 345 रन बनाए और 2019 वर्ल्ड कप में उन्होंने 10 मैचों में तीन शतकों सहित 647 रन बनाए। वह रिकी पोंटिंग (1743), एडम गिलक्रिस्ट (1085) और मार्क वॉ (1004) के बाद वर्ल्ड कप में 1000 रन बनाने वाले चौथे ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर बन गए हैं।
इनमें वॉ ने सबसे तेज 22 पारियों में 1000 रन पूरे किए थे। तेंदुलकर, डिविलियर्स और वॉ से पहले वेस्टइंडीज के दिग्गज विवियन रिचर्ड्स और पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने वर्ल्ड कप की 21 पारियों में 1000 रन बनाए थे। वॉर्नर ने एमए चिदम्बरम स्टेडियम में भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के 2023 वर्ल्ड कप के पहले मैच की पहली पारी में इस आंकड़े को पार कर लिया। मैच से पहले 18 पारियों में 992 रन बना चुके थे।
डेविड वॉर्नर ने भारत के खिलाफ शानदार पारी खेली, लेकिन अपना अर्धशतक पूरा करने से चूक गए। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने स्टीव स्मिथ के साथ दूसरे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी की। कुलदीप यादव ने पारी के 17वें ओवर की तीसरी गेंद पर वॉर्नर को आउट किया। कुलदीप ने अपनी ही गेंद पर वॉर्नर का कैच लपका। कंगारू बल्लेबाज ने 52 गेंदों में 6 चौके की मदद से 41 रन बनाए।
डेविड वॉर्नर का ये रिकॉर्ड आज ही तोड़ सकते हैं रोहित शर्मा
आपको बता दें कि डेविड वॉर्नर का ये वनडे वर्ल्ड कप में सबसे तेज 1000 रन बनाने का रिकॉर्ड आज हो टूट सकता है। यह रिकॉर्ड कोई और नहीं बल्कि भारतीय कप्तान रोहित शर्मा अपने नाम कर सकते हैं। दरअसल रोहित जो 2019 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे, वो अब तक 17 पारियों में 978 रन बना चुके हैं। अगर वो इस मैच में 22 रन बना लेते हैं तो ये रिकॉर्ड फिर उनके नाम हो जाएगा।
यह भी पढ़ें :रविचंद्रन अश्विन ने भी लिया चेन्नई में विकेट, कैमरून ग्रीन को वापस भेजा पवेलियन