IPL 2024: फाफ डु प्लेसिस ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में मचाई तबाही, जड़ा अपनी टीम के लिए आक्रामक अर्धशतक
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों में 10 चौके और 3 छक्कों की मदद से 64 रनों की विस्फोटक पारी खेली।
अद्यतन - May 4, 2024 10:16 pm

इस समय बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच महत्वपूर्ण मैच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के गेंदबाजों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया।
बता दें, गुजरात टाइटंस ने आरसीबी के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 147 रन बनाए। टीम की ओर से जहां एक तरफ डेविड मिलर ने 20 गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 30 रन बनाए वहीं शाहरुख खान ने 24 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 37 रनों का योगदान दिया। राशिद खान ने 18 रन बनाए जबकि विजय शंकर 10 रन बनाकर आउट हो गए। आरसीबी की ओर से मोहम्मद सिराज, यश दयाल और विजय कुमार वैशक ने 2-2 विकेट झटके जबकि कैमरून ग्रीन और कर्ण शर्मा ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
हालांकि लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों में 10 चौके और 3 छक्कों की मदद से 64 रनों की विस्फोटक पारी खेली। फाफ डु प्लेसिस ने गुजरात टाइटंस के किसी भी गेंदबाज को नहीं छोड़ा और सभी के खिलाफ कड़ा प्रहार किया। उनकी इसी बल्लेबाजी की वजह से आरसीबी ने 148 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 6 ओवर में ही 92 रन बना लिए हैं।
आरसीबी के लिए गुजरात के खिलाफ मैच जीतना है बेहद जरूरी
इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का प्रदर्शन 2024 सीजन में काफी खराब रहा है। उन्होंने अभी तक आईपीएल 2024 में 10 मैच खेले हैं जिसमें सिर्फ तीन में टीम ने जीत दर्ज की है जबकि 7 में उन्हें हार झेलनी पड़ी है। इंडियन प्रीमियर लीग 2024 की अंक तालिका में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अंतिम पायदान पर है।
गुजरात टाइटंस ने अभी तक इस सीजन में 10 मैच खेले हैं जिसमें से 4 में टीम ने जीत दर्ज की है जबकि 6 में उनका हार का सामना करना पड़ा है। गुजरात टाइटंस इंडियन प्रीमियर लीग 2024 की अंक तालिका में 8 अंकों के साथ आठवें पायदान पर है।