फरहान बेहरदीन ने 18 साल लंबे क्रिकेटिंग करियर से लिया संन्यास - क्रिकट्रैकर हिंदी

फरहान बेहरदीन ने 18 साल लंबे क्रिकेटिंग करियर से लिया संन्यास

फरहान बेहरदीन ने दक्षिण अफ्रीका की ओर से 59 वनडे मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 30.69 के औसत और 97.9 के स्ट्राइक रेट से 1074 रन बनाए हैं।

Farhaan Behardien of South Africa
Farhaan Behardien of South Africa. (Photo Source: Twitter)

दक्षिण अफ्रीका के बेहतरीन ऑलराउंडर फरहान बेहरदीन ने 18 साल लंबे क्रिकेटिंग करियर से संन्यास लेने का फैसला किया है। बता दें, उन्होंने सभी प्रारूपों को मिलाकर 560 प्रोफेशनल मुकाबले खेले हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका को कई मुकाबलों में शानदार जीत दिलाई है।

बता दें, फरहान बेहरदीन ने दक्षिण अफ्रीका की ओर से 59 वनडे मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 30.69 के औसत और 97.9 के स्ट्राइक रेट से 1074 रन बनाए हैं। यही नहीं उन्होंने 38 टी-20 मैचों में 32.38 के औसत और 128.22 के स्ट्राइक रेट से 518 रन बनाए हैं। उन्होंने 3 IPL मुकाबले भी खेले हैं जिसमें फरहान बेहरदीन ने 7 के औसत और 107.69 की स्ट्राइक रेट से मात्र 14 रन बनाए। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की ओर से 4 वर्ल्ड कप में भी प्रतिभाग किया।

वनडे में उनके नाम 51.36 के औसत से 14 विकेट भी शामिल है जबकि टी-20 में उन्होंने 9 के औसत से 3 विकेट झटके हैं। वो एक शानदार बल्लेबाज होने के साथ-साथ एक बेहतरीन गेंदबाज भी रहे हैं।

फरहान बेहरदीन ने उन तमाम लोगों को धन्यवाद कहा जिन्होंने इस क्रिकेटिंग सफर में उनका साथ दिया

अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से फरहान बेहरदीन ने एक इमोशनल संदेश लिखा और उन तमाम लोगों को धन्यवाद कहा जिन्होंने उनके क्रिकेटिंग कैरियर में उनका साथ दिया।

फरहान बेहरदीन ने लिखा कि, ‘ पिछले कुछ हफ्ते मेरे लिए काफी इमोशनल रहे हैं। 18 साल आए और गए। मैंने सभी प्रारूपों को मिलाकर कुल 560 प्रोफेशनल मुकाबले खेले और अपने देश के लिए 97 मुकाबले खेले। 17 ट्रॉफी मेरे कैबिनेट में है और मुझे काफी खुशी महसूस होती है कि मैंने 4 वर्ल्ड कप में भी प्रतिभाग किया।

मैं अपने परिवार वाले और दोस्तों का धन्यवाद कहना चाहूंगा जिन्होंने मेरा खूब साथ दिया। सभी कोचेस और सपोर्ट स्टाफ को भी मैं धन्यवाद कहना चाहूंगा जिन्होंने मेरे पूरे करियर में मेरा साथ दिया और उन तमाम टीम साथियों का भी शुक्रिया जिन्होंने मुझे कभी भी अकेले नहीं होने दिया।’

फरहान बेहरदीन ने आगे लिखा कि, ‘ मैंने कई शानदार खिलाड़ियों के साथ खेला और उनसे काफी कुछ सीखा। मैं खासतौर पर टाइटंस का शुक्रिया कहना चाहूंगा जिन्होंने एक युवा खिलाड़ी को इतने सालों तक अपने साथ रखा और उसको अपना टैलेंट दिखाने का मौका दिया। तमाम प्रशंसकों ने भी मेरा इतने सालों तक खूब साथ दिया। मैंने अपना सपना जी लिया है।’

शानदार ऑलराउंडर ने आगे लिखा कि, ‘ सच बताऊं तो यह आसान नहीं था। रिजल्ट के लिए मैंने काफी मेहनत की है और इन 18 सालों तक मैंने इस खेल को अपना सब कुछ दे दिया है। आने वाली चुनौतियों के लिए भी मैं पूरी तरह से तैयार हूं।’

close whatsapp