पिछले 7 वनडे में 26 रन बनाने वाले आरोन फिंच ने तो संन्यास ही ले लिया
2023 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप का हिस्सा नहीं होंगे आरोन फिंच।
अद्यतन - Sep 10, 2022 9:29 am

क्रिकेट जगत से जुड़ी इस वक्त एक बड़ी खबर सामने निकल कर आ रही है। ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज आरोन फिंच ने वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया। न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज़ का तीसरा मैच, फिंच के ODI करियर का भी 146वां और आखिरी मुकाबला होगा। इसी के साथ उन्होंने यह भी कहा है कि फ़िलहाल T20I में वह ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तानी करते रहेंगे।
वनडे फॉर्मेट से संन्यास को लेकर फिंच ने क्या कहा?
इस फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान करते हुए एरोन फिंच ने कहा है कि, “कुछ अविश्वसनीय यादों के साथ यह एक शानदार जर्नी रही है। मैं एक शानदार वनडे टीम का हिस्सा बनने के लिए बेहद भाग्यशाली रहा हूं। अब समय आ गया है कि एक नए कप्तान को अगले वर्ल्ड कप की तैयारी करने और जीतने के लिए पूरा मौका दिया जाए। मैं उन सभी का शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने इस यात्रा में मेरी मदद की और मेरा साथ दिया।”
वहीं आगामी टी-20 वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर उन्होंने कहा कि, “मुझे लगता है कि मेरा टी-20 फॉर्म पिछले कुछ समय से काफी अच्छा रहा है, यह एक पूरी तरह से अलग प्रारूप है, लेकिन मैं वास्तव में सहज हूं कि, मैं अभी भी अच्छा खेल रहा हूं, बस इस प्रारूप में उतने रन नहीं मिले हैं।”
क्या कहते हैं फिंच के वनडे आंकड़े ?
वनडे क्रिकेट में फिंच का हालिया रिकॉर्ड बेहद ही खराब रहा है। इस साल ODI में 13 पारियों में उनके बल्ले से महज 169 रन निकले हैं। पिछली 12 पारियों में वो 5 बार शून्य पर आउट हुए, तो वहीं पिछली 7 पारियों में उनके बल्ले से सिर्फ 26 रन निकले हैं।
उनके वनडे करियर की बात करें तो उन्होंने इस फॉर्मेट में 145 मैचों में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व किया है। वहां उन्होंने 39.13 की औसत से 5400 से अधिक रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में उनके नाम 17 शतक और 30 अर्धशतक भी दर्ज़ है।