2023 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने की संभावनाओं पर शुभमन गिल की राय जीत लेगी आपका दिल - क्रिकट्रैकर हिंदी

2023 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने की संभावनाओं पर शुभमन गिल की राय जीत लेगी आपका दिल

शुभमन गिल दूसरों की राय को ज्यादा तवज्जो देना पसंद नहीं करते।

Shubman Gill (Image Source: Cricket World Screengrab)
Shubman Gill (Image Source: Cricket World Screengrab)

भारत के युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल के लिए 2022 अब तक शानदार रहा है, उन्होंने वनडे क्रिकेट में मिले लगभग हर मौके का फायदा उठाया है। शुभमन गिल के वनडे करियर की शुरुआत भले ही अच्छी नहीं रही, लेकिन इस साल वह टीम इंडिया के लिए बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं।

दाएं-हाथ के बल्लेबाज ने 2022 में अब तक 11 वनडे मैच खेले हैं और 78.12 के औसत से 625 रन बनाए हैं। हालांकि, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा, सीनियर बल्लेबाज शिखर धवन और केएल राहुल की उपलब्धता को देखते हुए अभी भारतीय क्रिकेट टीम में गिल की जगह पक्की नहीं है, जिसके बावजूद उन्हें 2023 वर्ल्ड कप के लिए शीर्ष क्रम में जगह बनाने वाले बल्लेबाजों में से एक के रूप में देखा जा रहा है।

क्या शुभमन गिल की नजर भारत की 2023 वर्ल्ड कप टीम में जगह बनाने पर है?

लेकिन युवा सलामी बल्लेबाज, जिन्हे बांग्लादेश के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए टीम में नहीं चुना गया, ने जोर देकर कहा कि वे इस समय वर्ल्ड कप 2023 के लिए टीम में जगह बनाने के बारे में नहीं सोच रहे हैं, बल्कि मिल रहे मौकों पर अपना बेस्ट देना चाहते हैं, और टीम की सफलता में अधिक से अधिक योगदान देना चाहते हैं।

शुभमन गिल ने हैमिल्टन में दूसरे वनडे के बारिश के कारण रद्द होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा: “सच कहूं तो मैं फिलहाल इतनी दूर की नहीं सोच रहा हूं, क्योंकि 2023 वर्ल्ड कप को अभी काफी समय है। इस समय मेरा लक्ष्य उन अवसरों का अधिक से अधिक फायदा उठाना है, जो मुझे मिल रहे हैं। मेरा मुख्य उद्देश्य मुझे मिलने वाले अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने और बड़ा स्कोर करने में सक्षम होना है। जहां तक इस वनडे सीरीज का सवाल है, तो मैं यहां भी यही करने की कोशिश कर रहा हूं। मैं न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी सीरीज में रन बनाने की कोशिश कर रहा हूं, और मेरा लक्ष्य टीम में बड़ा योगदान देना है।

दूसरों की राय से अप्रभावित रहते है शुभमन गिल

एक युवा खिलाड़ी के रूप में मेरी मानसिकता यह है कि जब भी मुझे ब्रेक दिया जाता है, या राष्ट्रीय टीम में नहीं चुना जाता है, तो मैं घरेलू क्रिकेट खेलूंगा। ऐसा नहीं है कि अगर कोई क्रिकेटर भारतीय टीम में नहीं चुना जाता है, तो वह हफ्तों बेकार बैठा रहता है। इसलिए इस दौरान मैं घरेलू क्रिकेट में खेलते हुए अपनी स्ट्रेंथ और कमजोरियों पर काम कर सकता हूं, यह इसके लिए आपको अच्छा मौका देता है।”

युवा भारतीय बल्लेबाज ने अंत में कहा: “दूसरों की अच्छी या बुरी राय कभी भी मेरे खेल को प्रभावित नहीं करती है। एक बार जब आप बल्लेबाजी कर रहे होते हैं, तो ध्यान इस बात पर नहीं होता कि लोग क्या कहते हैं, बल्कि आपका ध्यान फेंकी गई गेंद पर और उस पर कैसे रन बनाना है, उस पर होता है।”

close whatsapp