भारत-पाक मुकाबले को लेकर अब रवींद्र जडेजा ने शुरू की बयानबजी, कहा- हमारे लिए ये मैच……
2 सितंबर 2023 को एक बार फिर भारत और पाकिस्तान की टीमें होंगी आमने-सामने।
अद्यतन - Aug 12, 2023 6:29 pm

एशिया कप 2023 शुरू होने में अब काफी कम समय बचा हुआ है और फैंस की नजरें अब इस टूर्नामेंट में होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर हैं। एशिया कप का आगाज 30 अगस्त से होने वाला है और भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला बहुप्रतीक्षित मैच 2 सितंबर को खेला जाएगा।
दोनों ही टीमें एक-दूसरे से भिड़ने के लिए पूरी से तैयार हैं, इसी बीच अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जड़ेजा पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए अपने विचार साझा किए। दरअसल एक इंटरव्यू के दौरान रवींद्र जडेजा ने कहा कि हालांकि भारत और पाकिस्तान दोनों टीमों पर समान दबाव है, लेकिन भारत का प्रत्येक मैच प्रत्येक खिलाड़ी के लिए समान महत्व रखता है।
स्टार स्पोर्ट्स के साथ एक इंटरव्यू में जडेजा ने कहा कि, “जब भारत और पाकिस्तान के बीच मैच होता है, तो जीत की बहुत उम्मीदें होती हैं, लेकिन हमारे लिए, भारत से जुड़ा कोई भी मैच भारत-पाकिस्तान मैच के समान ही महत्व रखता है। हां ये बात जरूर है कि, भारत-पाकिस्तान मैच अधिक ध्यान आकर्षित करता है , और हम अपनी क्षमताओं के अनुसार सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास करते हैं।”
हमारा लक्ष्य अपना प्रदर्शन बेहतर करना और जितना संभव हो उतना अच्छा खेलना है: जड़ेजा
इसके अलावा, जडेजा ने कहा कि हालांकि भारतीय टीम हर मैच को जीतना चाहती है, लेकिन यह स्वीकार करना महत्वपूर्ण है कि नतीजे हमेशा उनके अनुरूप नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष जीतने के लिए खेलते हैं और किसी भी मैच में सकारात्मक परिणाम की गारंटी नहीं होती है।
जडेजा ने कहा कि, “हमारा लक्ष्य अपना प्रदर्शन करना और जितना संभव हो उतना अच्छा खेलना है, लेकिन कभी-कभी चीजें प्लान के अनुसार नहीं होती हैं। यह एक खेल है, और दोनों पक्षों के खिलाड़ी अपने-अपने देशों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। मेरी राय में, दोनों टीमें जीतने के लिए मैच खेलते हैं। हालांकि आप उचित फोकस रख सकते हैं और मैदान पर अपना 100% दे सकते हैं, लेकिन मैच जीतने की कोई गारंटी नहीं है।”
स्टार ऑलराउंडर ने आगे कहा कि, “आप अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर सकते हैं और जीतने के लिए खेल सकते हैं, लेकिन दिन के अंत में, यदि परिणाम आपके अनुकूल नहीं होता है, तो आप कुछ भी नहीं कर सकते हैं। मुख्य बात यह है कि अपना सब कुछ देना और जीतने के लिए खेलना है।”