‘360 तो दूर की बात है कोई 180 डिग्री शॉट ही खेल ले’- वसीम अकरम ने उड़ाई पाक बल्लेबाजों की धज्जियां
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने पाकिस्तान के बल्लेबाजों की बल्लेबाजी क्षमता पर सवाल उठाए हैं।
अद्यतन - Oct 2, 2022 5:58 pm

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने पाकिस्तान के बल्लेबाजों के स्किल सेट पर सवाल उठाया है। उन्होंने पाक बल्लेबाजों से पूछा है कि क्या वो मैदान के चारों ओर शॉट खेलने में सक्षम हैं या नहीं। उन्होंने इसके लिए इंग्लैंड के बल्लेबाज बेन डकेट का उदाहरण दिया। अकरम ने कहा कि डकेट स्पिनरों को एक ही लेंथ पर गेंद डालने की अनुमति नहीं देते हैं।
आपको बता दें कि, छठे T20I मैच में पाकिस्तान को इंग्लैंड के हाथों अपमानजनक हार का सामना करना पड़ा। 170 के स्कोर का पीछा करते हुए, इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने पाकिस्तान की गेंदबाजी लाइन-अप को तहस-नहस कर दिया और 33 गेंद शेष रहते आसानी से लक्ष्य को हासिल कर लिया।
पाकिस्तान के बल्लेबाजी कोच से वसीम अकरम ने लाइव शो में पूछे तीखे सवाल
इसी बीच वसीम अकरम ने एक टीवी पर पाकिस्तानी के बल्लेबाजी कोच मोहम्मद युसूफ से पूछा कि, “360 भूल जाइए, क्या पाकिस्तान के बल्लेबाज 180 डिग्री शॉट खेल सकते हैं?”
वसीम अकरम ने आगे कहा कि, “बेन डकेट गेंदबाजों को, विशेष रूप से स्पिनरों को सेट होने देता ही नहीं। वो हर जग शॉट्स मारता है। अगर मैं पाकिस्तान के खिलाफ खेलूं, तो मुझे पता होगा किधर शॉट्स मारना है। वो वर्सेटाइल नहीं है। कोई कोशिश भी नहीं करता है। 360 तो दूर की बात है, कोई 180 ही खेल कर दिखा दे। अगर आप इस तरह के शॉट्स का अभ्यास करते हो तो उस शॉट को मैच में क्यों नहीं खेलते?”
वसीम के सवाल का जवाब देते हुए यूसुफ ने कहा, ‘मैं सचेत रूप से प्रयास कर रहा हूं। मैं इस बारे में सकलैन भाई (पाकिस्तान के हेड कोच सकलैन मुश्ताक) से बात करता हूं। जब पाकिस्तान के बल्लेबाज स्पिनर्स को खेलते हैं, तो मैं पीछे खड़ा होता हूं और अपने बल्लेबाजों को सुझाव देता हूं।”