पूर्व क्रिकेटर अंशुमन गायकवाड़ का निधन, लंबे समय से ब्लड कैंसर से लड़ रहे थे जंग
अंशुमान गायकवाड़ का 71 वर्ष की आयु में ब्लड कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद निधन हो गया
अद्यतन - Aug 1, 2024 1:27 pm

भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। भारत के पूर्व क्रिकेटर अंशुमान गायकवाड़ का 31 जुलाई की रात को निधन हो गया। गायकवाड़ पिछले काफी समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे और 71 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली। उनको ब्लड कैंसर की बीमारी थी, जिसको लेकर उनका इलाज लंदन में चल रहा था। बीसीसीआई ने इलाज के लिए गायकवाड़ के परिवार को एक करोड़ की वित्तीय मदद भी की थी।
बताते चलें कि, अंशुमन गायकवाड़ ने दो बार भारतीय टीम के हेड कोच की भूमिका निभाई थी। उनके कोच रहते भारतीय टीम ने 1998 में शारजाह में त्रिकोणीय श्रृंखला के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया पर शानदार जीत दर्ज की थी। अनिल कुंबले ने दिल्ली के फिरोजशाह कोटला में पाकिस्तान के खिलाफ जब टेस्ट पारी में 10 विकेट चटकाए थे, तब भी वह टीम के कोच थे। इसके अलावा जब सौरव गांगुली की कप्तानी में 2000 आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम उपविजेता रही थी, तब भी गायकवाड़ कोच थे।
उनके करियर की बात की जाए, तो दिग्गज क्रिकेटर ने साल 1974 में टेस्ट में टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया था। उन्होंने साल 1974 से लेकर 1984 के बीच कुल 40 टेस्ट मैच खेलें, जिसमें उन्होंने 29.63 की औसत से 1985 रन बनाए। इस दौरान गायकवाड़ ने 2 शतक और 10 अर्धशतकीय पारियां भी खेली थी। वहीं 15 वनडे मैचों में उन्होंने कुल 269 रन बनाए, जिसमें एक अर्धशतक शामिल था।
अंशुमान गायकवाड़ के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने जताया शोक (Anshuman Gaikwad passed away)
उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि, ‘अंशुमन गायकवाड़ जी को क्रिकेट में उनके योगदान के लिए याद किया जाएगा। वह एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी और उत्कृष्ट कोच थे। उनके निधन से दुख हुआ। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति।’
Shri Anshuman Gaekwad Ji will be remembered for his contribution to cricket. He was a gifted player and an outstanding coach. Pained by his demise. Condolences to his family and admirers. Om Shanti.
— Narendra Modi (@narendramodi) July 31, 2024
वहीं बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, ‘अंशुमान गायकवाड़ के परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। संपूर्ण क्रिकेट जगत के लिए हृदयविदारक। उनकी आत्मा को शांति मिले।’
My deepest condolences to the family and friends of Mr Aunshuman Gaekwad. Heartbreaking for the entire cricket fraternity. May his soul rest in peace🙏
— Jay Shah (@JayShah) July 31, 2024