BCCI की शानदार पहल, अब नॉर्थ ईस्ट के क्रिकेटर्स अपनी छाप छोड़ने के लिए है पूरी तरह से तैयार
इनडोर क्रिकेट अकादमी अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड और सिक्किम के खिलाड़ियों को सुविधा प्रदान करेंगी।
अद्यतन - May 20, 2024 3:49 pm

नॉर्थ ईस्ट राज्यों के क्रिकेटर्स के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने एक नई पहल की शुरुआत कर दी है। क्रिकेट खिलाड़ियों की मदद के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आज यानी 20 मई को छह राज्यों में इनडोर क्रिकेट प्रशिक्षण अकादमियों की आधारशिला (Foundation) रखी। इस बात की जानकारी खुद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव जय शाह ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर दी।
इनडोर क्रिकेट अकादमी अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड और सिक्किम के खिलाड़ियों को सुविधा प्रदान करेंगी। यह अकादमी शिलांग, ईटानगर, कोहिमा, आइजोल, इंफाल और गंगटोक में स्थित होंगी।
बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘पूर्वोत्तर में BCCI की आगामी अत्याधुनिक इनडोर प्रशिक्षण सुविधाओं की आधारशिला रखकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। यह 6 राज्य हैं- अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड और सिक्किम। इससे तमाम क्रिकेटर्स वर्ल्ड क्लास इंडोर नेट्स, इंडोर स्विमिंग पूल और फिटनेस सेंटर का लुफ्त उठा सकेंगे। BCCI की इस शानदार पहल से हम सब काफी खुश हैं।
हम यही चाहते हैं कि नॉर्थ ईस्ट के शानदार खिलाड़ी यहां भाग ले और इससे क्रिकेट को और भी पहचान मिले। हम मिजोरम में नए पवेलियन के लॉन्च के साथ इसकी शुरुआत कर रहे हैं।’
यह रहा जय शाह का ट्वीट:
Honoured to have laid the foundation stone for BCCI’s upcoming state-of-the-art indoor training facilities in the North East! Our cricketers from six states – Arunachal Pradesh, Manipur, Meghalaya, Mizoram, Nagaland, and Sikkim—will soon benefit from world-class indoor nets,… pic.twitter.com/8DcO0lOfrh
— Jay Shah (@JayShah) May 20, 2024
भारत में ऐसे कई खिलाड़ी हैं जिन्होंने अभी तक काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और अंतरराष्ट्रीय स्तर में भी अपनी छाप छोड़ी है। बता दें इससे पहले इन राज्यों के क्रिकेटरों को मानसून के मौसम के दौरान प्रशिक्षण के लिए कोलकाता, बेंगलुरु, चेन्नई, मुंबई या अहमदाबाद के केंद्रों की यात्रा करनी पड़ती थी। BCCI ने पूर्वोत्तर क्रिकेट विकास समिति का भी गठन किया है। इसकी अध्यक्षता बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) के अध्यक्ष अभिषेक डालमिया कर रहे हैं।
इस बीच बीसीसीआई पहले से ही विस्तृत क्षेत्र और सुविधाओं के साथ बेंगलुरु में एक नयी राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी विकसित करने की प्रक्रिया में है। नॉर्थ ईस्ट के तमाम क्रिकेटर्स इस बात से काफी खुश होंगे कि अब वो भी वर्ल्ड क्लास चीजों का लुफ्त अपने घर में ही उठा पाएंगे।