IPL 2024: शुभमन गिल ने कप्तानी और उसकी चुनौतियों का आनंद लिया है: गैरी कस्टर्न
आईपीएल 2024 की पाॅइंट्स टेबल में सबसे आखिरी नंबर पर चल रही है गुजरात टाइटंस
अद्यतन - May 10, 2024 3:41 pm

जारी आईपीएल सीजन की पाॅइंट्स टेबल में गुजरात टाइटंस (GT) के आखिरी स्थान पर रहने के बाद, टीम के कप्तान व युवा भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल (Shubman Gill) की कप्तानी की कड़ी आलोचना देखने को मिल रही है।
दूसरी ओर, अब इस युवा खिलाड़ी की कप्तानी की आलोचना के बीच उन्हें गुजरात टाइटंस टीम के मेंटर गैरी कस्टर्न (Gary Kirsten) का बड़ा साथ मिला है। गैरी का कहना है कि आईपीएल 2024 के दौरान शुभमन गिल ने कप्तानी और उसकी चुनौतियों का आनंद लिया है।
शुभमन गिल को लेकर गैरी कस्टर्न ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि आज 10 मई को जारी आईपीएल में गुजरात टाइटंस का सामना अपने होम ग्राउंड पर पांच बार की चेन्नई सुपर किंग्स से होने जा रहा है। तो वहीं इस मैच के शुरू होने से पहले आयोजित प्री मैच काॅन्फ्रेंस में जीटी टीम के मेंटर गैरी कस्टर्न ने शुभमन गिल की कप्तानी को लेकर कहा-
मुझे लगता है कि उन्होंने कप्तानी का आनंद लिया है, यह एक ऐसी चीज है जिसमें वास्तव में महारत हासिल करने में समय लगता है। इसलिए मुझे लगता है कि उन्होंने इस सीजन में इसका आनंद लिया। वह एक वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी है, इसलिए मुझे इसमें कोई संदेह नहीं है कि अगले 3 मैचों में से वह 1-2 में अच्छा प्रदर्शन करने वाला है। इस बात में कोई संदेह नहीं है।
गैरी ने आगे कहा- टूर्नामेंट में आपको निश्चित रूप से कुछ खिलाड़ियों की कमी खलती है, जैसे हमें 2 वर्षों से मोहम्मद शमी की खली है। इस तरह के खिलाड़ियों की जगह लेना मुश्किल है। इस सीजन हम उस तरह की क्रिकेट नहीं खेल पाए, जैसा हम खेल सकते हैं और हमने पिछले सीजन खेला था। लगातार प्रदर्शन ना कर पाने के कारण, आपकी कमियों के बारे में दूसरी टीमों को पता लग जाता है।