केएल राहुल के सपोर्ट में आए LSG के मेंटोर गौतम गंभीर, कहा- रोहित भी तो कभी खराब फॉर्म से गुजरे थे
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज की 3 पारियों में केएल राहुल अब तक 38 रन बना पाए हैं।
अद्यतन - फरवरी 24, 2023 11:13 पूर्वाह्न

भारतीय खिलाड़ी केएल राहुल इस वक्त काफी ज्यादा खराब फॉर्म से जूझते हुए नजर आ रहे हैं। दो टेस्ट मैचों की 3 पारियों में राहुल मात्र 38 रन बना पाए हैं। हालांकि कप्तान रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड़ लगातार फ्लॉप प्रदर्शन के बावजूद केएल राहुल को बैक करने की बात कर रहे हैं।
लेकिन कई क्रिकेट एक्सपर्ट का मानना है कि राहुल को ब्रेक की जरूरत है और मैनेजमेंट को अब उनकी जगह किसी और खिलाड़ी को मौका देना चाहिए। इसी बीच भारत के पूर्व खिलाड़ी गौतम गंभीर केएल राहुल पर भरोसा जताते हुए नजर आ रहे हैं। गौतम गंभीर का कहना हैं कि राहुल को टीम से बाहर नहीं रखना चाहिए।
केएल राहुल का समर्थन करना होगा- गौतम गंभीर
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अगले दो टेस्ट मैचों के लिए टीम की घोषणा कर दी गई है। जिसमें केएल राहुल के नाम के आगे उपकप्तान का उल्लेख नहीं किया गया है। जिसके बाद से चर्चा जोरों पर हैं कि राहुल अगले मैच की प्लेइंग 11 से बाहर रहने वाले हैं। गौतम गंभीर ने केएल राहुल को बैक करने पर जोर दिया है।
टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ बात करते हुए गौतम गंभीर ने कहा, ‘केएल राहुल को भारतीय टीम से बाहर नहीं किया जाना चाहिए। किसी भी खिलाड़ी को ऐसे नहीं छोड़ना चाहिए हर कोई खराब फॉर्म से गुजरता है। किसी को भी यह नहीं कहना चाहिए कि वह अच्छा नहीं कर रहा और उसे बाहर कर दिया जाएगा। आपको उन खिलाड़ियों का समर्थन करना होगा जिनके पास प्रतिभा है।’
गौतम गंभीर ने आगे बात करते हुए रोहित शर्मा का उदाहरण देते हुए कहा कि, रोहित भी करियर के शुरूआती दिनों में थोड़े खराब फॉर्म से जूझे थे। लेकिन समय के साथ वह शानदार खिलाड़ी बन गए और केएल राहुल भी ऐसा कर सकते हैं।
राहुल शानदार खिलाड़ी है- गौतम गंभीर
गौतम गंभीर ने यह भी कहा कि भारत इस वक्त शानदार फॉर्म में हैं। हमें टीम की प्रशंसा करनी होगी ना कि किसी एक खिलाड़ी पर निशाना साधना होगा। ‘भारत इस वक्त 2-0 पर हैं ना कि 0-2 पर है। मुझे लगता है कि भारतीय मैनेजमेंट राहुल को बैक कर सही काम कर रही है। वह शानदार खिलाड़ी हैं। उसने अंतराष्ट्रीय क्रिकेट में काफी सारे रन बनाए हैं।’ भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट मैच 1 मार्च से इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा।