IND vs ENG: उसे आगे बढ़ने दीजिये और अपने क्रिकेट का लुत्फ उठाने दीजिये- जायसवाल को लेकर बोले गंभीर
विशाखापट्टनम टेस्ट मैच की पहली पारी में यशस्वी जायसवाल ने लगाया दोहरा शतक।
अद्यतन - Feb 4, 2024 1:43 pm

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच विशाखापट्टनम में खेला जा रहा है। इस टेस्ट मैच की पहली पारी में भारत के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने अपने टेस्ट करियर का दोहरा शतक लगाया और 209 रनों की पारी खेलकर आउट हुए। क्रिकेट जगत में हर कोई उनकी इस पारी की तारीफ कर रहा है। फैंस से लेकर क्रिकेट एक्सपर्ट तक हर कोई यशस्वी जायसवाल की तारीफों के पुल बांध रहा है।
इसी बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर ने कहा कि युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के दोहरे शतक को बढ़ा चढ़ाकर पेश नहीं करना चाहिए क्योंकि ऐसा करने से उम्मीदों का बोझ बढ़ जाता है जिसका उनके जैसे युवा खिलाड़ियों के खेल पर प्रतिकूल असर पड़ता है। गंभीर ने 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दोहरा शतक जड़ा था और जायसवाल पिछले 16 साल में ऐसा करने वाले पहले बायें हाथ के भारतीय बल्लेबाज बने।
यशस्वी जायसवाल को लेकर गौतम गंभीर ने दिया बड़ा बयान
PTI से बातचीत के दौरान गौतम गंभीर ने कहा कि, ”मैं इस युवा खिलाड़ी को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई देना चाहता हूं लेकिन सबसे अहम बात है कि मैं सभी को बताना चाहता हूं कि युवा खिलाड़ी को खेलने दें। हमने पहले भी देखा है कि भारत में हमारी आदत होती है, विशेषकर मीडिया में कि वे खिलाड़ियों की उपलब्धियों को बढ़ा चढ़ाकर पेश करते हैं और उन्हें ‘टैग’ दे देते हैं और उन्हें नायक के समान पेश करते हैं।”
उन्होंने कहा, ”इससे उम्मीदों का दबाव बढ़ जाता है और खिलाड़ी अपना नैचुरल खेल नहीं खेल पाते। उसे बढ़ने दीजिये और अपने क्रिकेट का लुत्फ उठाने दीजिये।” शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर ने दूसरे टेस्ट में अच्छी शुरूआत की लेकिन इसे बड़ी पारी में नहीं बदल सके।
गंभीर ने कहा, ”हमें उन्हें समय देना चाहिए क्योंकि वे बेहतरीन खिलाड़ी हैं और उन्होंने अपने बीते प्रदर्शन से यह दिखाया भी है। इसलिए ही वे भारत के लिए खेल रहे हैं।” दूसरे टेस्ट मैच की बात करें तो मुकाबले में इस वक्त तीसरे दिन का खेल जारी है और टीम इंडिया इस मैच में 177 रन आगे है।