जॉनी बेयरस्टो के विवादित रनआउट को लेकर गौतम गंभीर ने रखा अपना पक्ष - क्रिकट्रैकर हिंदी

जॉनी बेयरस्टो के विवादित रनआउट को लेकर गौतम गंभीर ने रखा अपना पक्ष

लॉर्ड्स में खेले गए एशेज 2023 के दूसरे टेस्ट मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 43 रनों से मात दी।

Gautam Gambhir and Jonny Bairstow (Pic Source-Twitter)
Gautam Gambhir and Jonny Bairstow (Pic Source-Twitter)

लॉर्ड्स में खेले गए एशेज 2023 के दूसरे टेस्ट मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 43 रनों से मात दी और 5 मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाई। इस मैच की दूसरी पारी में इंग्लैंड के शानदार खिलाड़ी जॉनी बेयरस्टो के विवादित रनआउट को लेकर तमाम लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

बता दें, दूसरे टेस्ट के दौरान जॉनी बेयरस्टो काफी अजीबोगरीब तरीके से रनआउट हो गए थे। कैमरून ग्रीन की एक गेंद को जॉनी बेयरस्टो ने आराम से छोड़ा। इंग्लिश खिलाड़ी को लगा कि ओवर हो चुका है और वो आराम से क्रीज छोड़कर आगे बढ़ने लगे। इतनी देर में ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने गेंद को स्टंप्स की ओर फेंका और जॉनी बेयरस्टो रनआउट हो गए। तमाम लोगों को लगा कि एलेक्स कैरी ने ऐसा करके क्रिकेट के नियम का उल्लंघन किया है।

खुद जॉनी बेयरस्टो को उम्मीद नहीं थी कि थर्ड अंपायर उन्हें रनआउट का फैसला सुनाएंगे लेकिन ऐसा ही हुआ। तमाम लोग ऑस्ट्रेलिया टीम को और उनके खिलाड़ियों को ‘Cheaters’ कह रहे हैं। अब इसी को लेकर भारत के पूर्व बल्लेबाज गौतम गंभीर ने अपना पक्ष रखा है। गौतम गंभीर ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक ट्वीट किया है जिसमें वो आलोचना करने वालों से सवाल उठा रहे हैं।

उन्होंने इस ट्वीट किया कि, ‘अरे, Sledgers… क्या खेल भावना का तर्क आप पर लागू होता है या सिर्फ भारतीयों के लिए?’ इस ट्वीट को देखकर ऐसा कहा जा सकता है कि गौतम गंभीर काफी नाराज थे।

यह रहा गौतम गंभीर का ट्वीट:

मैच की बात की जाए तो ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 416 रन बनाए थे जिसके जवाब में इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 325 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी काफी खराब रही थी और उन्होंने अपने सभी विकेट खोकर मात्र 279 रन ही बनाए। इंग्लैंड की ओर से दूसरी पारी में कप्तान बेन स्टोक्स में 214 गेंदों में नौ चौके और 9 छक्कों की मदद से 155 रनों की बहुमूल्य पारी खेली लेकिन वो अपनी टीम को जिताने में नाकाम रहे।

बेन स्टोक्स के अलावा बेन डकेट ने 112 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 83 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। एजबेस्टन में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले को ऑस्ट्रेलिया ने 2 विकेट से अपने नाम किया था और अब दूसरे टेस्ट को भी कंगारू टीम ने जीता। इंग्लैंड के लिए अब अपने बचे हुए सभी मुकाबलों में जीत दर्ज करना बेहद जरूरी है।

close whatsapp