World Cup 2023: ‘उन्होंने अब तक एक भी प्रभावशाली पारी नहीं खेली है’- बाबर को लेकर बोले गौतम गंभीर
वर्ल्ड कप 2023 में लगातार चार मैच हार चुकी है बाबर आजम और उनकी टीम।
अद्यतन - अक्टूबर 28, 2023 2:18 अपराह्न

आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 का 26वां मैच दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में बाबर आजम की टीम को 1 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में पाकिस्तान की टीम के प्रदर्शन को देखने के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर ने बाबर आजम और उनकी टीम की जमकर आलोचना की है।
मुकाबले की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम 46.4 ओवर में 270 रन पर ढेर हो गई। 271 रनों के जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 47.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और रोमांचक तरीके से एक विकेट से मैच को अपने नाम किया। पाकिस्तान की हार के बाद, गंभीर ने बाबर की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि पाकिस्तान के कप्तान ने अपने करियर में कोई प्रभावशाली पारी नहीं खेली है और उनके रिकॉर्ड और रैंकिंग को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है।
गौतम गंभीर ने की बाबर आजम की आलोचना
स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत करते हुए गौतम गंभीर ने कहा कि,“बाबर आजम ने एक भी प्रभावशाली पारी नहीं खेली है। रिकॉर्ड्स और रैंकिंग को बढ़ा-चढ़ाकर बताया गया है। असली नंबर 1 वह है जो अपनी टीम के लिए मैच जीतता है।”
आपको बता दें कि, बाबर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 50 (65) रन बनाए जो टूर्नामेंट में उनका अब तक का तीसरा अर्धशतक था। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ पिछले गेम में 74 (92) और तीसरे मैच में भारत के खिलाफ 50 (58) रनों की पारी खेली थी। टूर्नामेंट में अब तक खेले गए छह मैचों में, पाकिस्तान के कप्तान ने छह पारियों में 34.50 की औसत और 79 की स्ट्राइक रेट से 207 रन बनाए हैं।
29 वर्षीय बाबर इस समय वनडे रैंकिंग में नंबर एक पर मौजूद हैं। लेकिन मौजूदा टूर्नामेंट में वो अपने प्रदर्शन से अब तक अपनी टीम के लिए कुछ खास नहीं कर पाए हैं। इस मैच में भी पाकिस्तान के ओपनर अपनी टीम को अच्छी शुरुआत नहीं दे पाए थे। उनके सलामी बल्लेबाज अब्दुल्ला शफीक (9) और इमाम-उल-हक (12) सस्ते में आउट हो गए। इन दोनों बल्लेबाजों को मार्को यांसिन ने आउट किया।