आगामी आईपीएल ऑक्शन में किस रणनीति के साथ उतरेगी लखनऊ फ्रेंचाइजी? गंभीर ने दिया यह जवाब
गौतम गंभीर ने यह भी कहा कि लखनऊ फ्रेंचाइजी खुद का टेम्पलेट फॉलो करेगी।
अद्यतन - जनवरी 29, 2022 2:40 अपराह्न

लखनऊ फ्रेंचाइजी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 2022 संस्करण से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर को अपनी टीम का मेंटर बनाया है। और, 40 वर्षीय गंभीर ने आगामी आईपीएल मेगा ऑक्शन के लिए लखनऊ की रणनीति को रेखांकित किया है। गंभीर का मानना है कि लखनऊ फ्रेंचाइजी को एक ऐसी विरासत बनाने का अवसर प्रदान किया गया है जो पहले नहीं बनाई गई है।
गंभीर ने यह भी कहा कि लखनऊ फ्रेंचाइजी अपने खुद के टेम्पलेट का भी पालन करेगी। मेगा ऑक्शन से पहले दोनों नई टीमों को 3 खिलाड़ियों को अपने ड्राफ्ट में चुनना था, लखनऊ ने केएल राहुल, मार्कस स्टोयनिस और रवि बिश्नोई को अपनी टीम में शामिल किया है।
हमारे पास एक विरासत तैयार करने का शानदार मौका है- गौतम गंभीर
बोरिया मजूमदार के साथ एक बातचीत में गौतम गंभीर ने कहा कि, “मुझे लगता है कि यह एक विरासत बनाने और कुछ अलग करने का एक शानदार अवसर है जो पहले कभी नहीं हुआ है। हम किसी की नकल नहीं करना चाहते, हमें अपना खुद का टेम्पलेट बनाने की जरूरत है, हमें अपनी विरासत भी रखने की जरूरत है। उसके लिए इससे बेहतर मौका नहीं मिल सकता।”
लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर गौतम गंभीर ने कहा कि, “पिछली बार संजीव गोयनका सर ने पुणे की टीम खरीदी थी, वह IPL जीतने से महज 1 रन दूर रह गई थी। हमारे पास उस अधूरे काम को पूरा करने का मौका है। लेकिन हम ऐसा नहीं कह सकते है कि यह काम एक साल में हो जाएगा, यह एक लंबे समय की प्रक्रिया है।”
लखनऊ ने केएल राहुल को अपना कप्तान नियुक्त किया है। हाल ही में लखनऊ ने अपने नाम का भी ऐलान किया है। फैंस से सुझाव मांगने के बाद गोयनका ग्रुप ने टीम का नाम लखनऊ सुपर जायंट्स रखा। आईपीएल के 15वें संस्करण से पहले 2022 की आईपीएल मेगा नीलामी 12 और 13 फरवरी को बैंगलोर शहर में होगी। इस बीच, BCCI ने खुलासा किया है कि IPL 2022 मार्च के अंतिम सप्ताह में शुरू होगा।