शुभमन गिल नहीं, इस खिलाड़ी को बनाओ कप्तान, पूर्व इंग्लिश कप्तान का चौंकाने वाला ट्वीट
रोहित शर्मा ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से ले लिया था संन्यास।
अद्यतन - May 12, 2025 10:23 am

भारत के आगामी इंग्लैंड दौरे से पहले माइकल वॉन ने बड़ा बयान दिया है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान वॉन ने कहा है कि वह 20 जून से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू हो रही आगामी टेस्ट सीरीज के लिए विराट कोहली को कप्तान बनाएंगे। रोहित शर्मा के 7 मई को संन्यास की घोषणा के बाद भारत इस वक्त टेस्ट क्रिकेट में एक कप्तान की तलाश में जुटा हुआ है।
रोहित के बाद अब अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने बीसीसीआई से संन्यास लेने को लेकर चर्चा की है, जिसके बाद नए कप्तान की तलाश शुरू हो गई है। कई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि शुभमन गिल टीम के नए टेस्ट कप्तान हो सकते हैं। हालांकि इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन का मानना है कि आगामी इंग्लैंड सीरीज के लिए विराट कोहली को भारतीय टीम का कप्तान बनाया जाना चाहिए।
माइकल वॉन ने विराट कोहली को लेकर लिखी ये बात
माइकल वॉन ने एक्स पर लिखा, ”अगर मैं भारत होता, तो मैं इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज के लिए विराट कोहली को कप्तानी देता..शुभमन गिल इस दौरान के लिए उपकप्तान हो सकते हैं।” कोहली 2014 से 2022 तक भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान रहे और वह अब तक के भारत के सर्वश्रेष्ठ कप्तान हैं। बतौर कप्तान कोहली के 68 मैचों में भारत ने 40 मैच जीते और 11 मैच ड्रॉ कराने में सफल रहा।
If I was India I would give the captaincy to Virat for the Test series in England .. Shubman Gill can be his VC for the tour .. #India 👍
— Michael Vaughan (@MichaelVaughan) May 11, 2025
हालांकि, बीसीसीआई के एक सीनियर अधिकारी ने कोहली से अपने रिटायरमेंट के फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा है। अगर विराट संन्यास लेते हैं तो भारत अपने दो सबसे अनुभवी बल्लेबाजों के बिना नए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में उतरेगा। अगर कोहली टेस्ट से दूर हो जाते हैं, तो भारत को रन बनाने के लिए गिल और यशस्वी जायसवाल जैसे खिलाड़ियों पर निर्भर रहना होगा।
इंग्लैंड दौरे के लिए टीम का चयन मई के आखिरी सप्ताह से पहले होने की उम्मीद है क्योंकि उसी समय नए टेस्ट कप्तान की भी घोषणा की जानी है। कोहली ने इंग्लैंड में 17 टेस्ट खेले हैं, जिसमें दो WTC फाइनल शामिल हैं और 33.21 की औसत से 1096 रन बनाए हैं।