दक्षिण अफ्रीका सीरीज से बाहर होने के बाद केएल राहुल ने ट्विटर पर बयां किया अपना दर्द
केएल राहुल के सीरीज से बाहर होने के बाद ऋषभ पंत को भारतीय टीम की कमान सौंपी गई है।
अद्यतन - जून 9, 2022 12:04 अपराह्न

9 जून से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू होने जा रही पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को एक बड़े झटके का सामना करना पड़ा है, क्योंकि टीम के कार्यवाहक कप्तान केएल राहुल अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल होने के बाद घरेलू सीरीज से बाहर हो गए हैं।
केएल राहुल के अलावा, भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव भी अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल होने के कारण दक्षिण अफ्रीका सीरीज से बाहर हो गए हैं। जिसके बाद ऋषभ पंत को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 9 जून से शुरू होने वाली टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए टीम इंडिया की कमान सौपीं गई हैं, जबकि गुजरात टाइटन्स (GT) को पहला आईपीएल खिताब दिलाने वाले हार्दिक पांड्या टीम के उप-कप्तान होंगे।
केएल राहुल ने दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए टीम इंडिया को दी शुभकामनाएं
इस बीच, केएल राहुल ने सोशल मीडिया के जरिए घरेलू सीरीज से बाहर होने पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा दक्षिण अफ्रीका सीरीज से बाहर होना स्वीकार कर पाना उनके लिए बहुत मुश्किल है। हालांकि, स्टार क्रिकेटर अपनी अगली चुनौती के लिए तैयार है, क्योंकि अब उनका लक्ष्य कमर की चोट से ठीक होकर मजबूत वापसी करना है।
केएल राहुल ने ट्विटर पर लिखा: “मेरे लिए यह स्वीकार करना बेहद मुश्किल हैं कि मैं दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज से बाहर हो गया हूं। लेकिन आज मैं एक और चुनौती शुरू करने जा रहा हूं। मैं घरेलू सीरीज में पहली बार भारत का नेतृत्व करने के अवसर से चूक जाने पर बहुत निराश हूं, लेकिन मैदान के बाहर मैं अपने खिलाड़ियों के समर्थन में उनके साथ खड़ा हूं। आप सभी का मुझे सपोर्ट करने के लिए दिल से शुक्रिया। ऋषभ पंत और टीम इंडिया को सीरीज के लिए मेरी तरफ से शुभकामनाएं। जल्दी मिलते हैं।”
Hard to accept but I begin another challenge today. Gutted not to be leading the side for the first time at home, but the boys have all my support from the sidelines.Heartfelt thanks to all for your support.Wishing Rishabh and the boys all the luck for the series.See you soon🏏💙
— K L Rahul (@klrahul) June 8, 2022
आपको बता दें, केएल राहुल को टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए कप्तान नियुक्त किया गया था, लेकिन दुर्भाग्य से वह इस अवसर से चूक गए। अभ्यास सत्र के दौरान राहुल की कमर में चोट लग गई है, जिसके चलते वह घरेलू सीरीज से बाहर हो गए हैं, और अब बेंगलुरु में स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) में अपनी चोट पर काम करते हुए मैदान में वापसी की तैयारी करेंगे।