अगर भारत ने 2011 वर्ल्ड कप नहीं जीता होता तो क्या मुझे प्रोत्साहन मिलता? बिल्कुल भी नहीं: शुभमन गिल
शुभमन गिल ने IPL के इस सीजन में 16 मुकाबलों में 60.78 के औसत से 851 रन बनाए हैं जिसमें 3 शतक और 4 अर्धशतक मौजूद है।
अद्यतन - May 29, 2023 4:23 pm

गुजरात टाइटंस के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ने इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। वो ऑरेंज कैप की दौड़ में पहले स्थान पर हैं। बता दें, शुभमन गिल ने इस सीजन में 16 मुकाबलों में 60.78 के औसत से 851 रन बनाए हैं जिसमें 3 शतक और 4 अर्धशतक मौजूद है।
शुभमन गिल की प्रशंसा कई लोग कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी इस युवा बल्लेबाज का प्रदर्शन अभी तक तीनों ही प्रारूपों में काफी अच्छा रहा है। आगामी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में भी गिल की उपलब्धता भारतीय टीम में बेहद जरूरी होगी। इंडियन प्रीमियर लीग की बात की जाए तो विराट कोहली के बाद शुभमन गिल एक सीजन में 800 से ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज हैं। अभी से ही उनकी तुलना सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसे बेहतरीन बल्लेबाजों से की जा रही है।
शुभमन गिल की मानें तो सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली ने कई युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर भारत ने 1983 का वर्ल्ड कप नहीं जीता होता तो शायद आज सचिन तेंदुलकर भी नहीं होते। साथ ही गिल ने कहा कि उनको प्रोत्साहन तब मिला जब भारतीय टीम ने वर्ल्ड कप 2011 अपने नाम किया।
सचिन सर, विराट भाई और रोहित भाई की लेगेसी कभी खत्म नहीं होने वाली: शुभमन गिल
स्पोर्ट्सकीड़ा के मुताबिक शुभमन गिल ने कहा कि, ‘इस जेनरेशन के सभी लोग सचिन तेंदुलकर सर, विराट कोहली भाई और रोहित शर्मा भाई से प्रोत्साहित हैं। अगर हमने 1983 का वर्ल्ड कप नहीं जीता होता तो शायद आज हमको सचिन तेंदुलकर भी नहीं मिलते? लेकिन सच बताऊं तो अगर हमने 2011 वर्ल्ड कप अपने नाम नहीं किया होता तो मैं भी प्रोत्साहित नहीं हो पाता। ऐसी लेगेसी कभी खत्म नहीं आने वाली और इनको आप बयान भी नहीं कर सकते।’
बता दें, आज यानी 29 मई को इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का फाइनल खेला जाना है और तमाम लोग यही दुआ कर रहे होंगे कि गुजरात टाइटंस की ओर से शुभमन गिल बड़ी पारी खेले और अपनी टीम को जीत दिलाए। इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का फाइनल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच में खेला जाना है। यह मुकाबला पहले 28 मई को खेला जाना था लेकिन बारिश की वजह से इसे स्थगित करना पड़ा और अब यह रिजर्व डे को यानी 29 मई को खेला जाएगा।