रोहित शर्मा की IPL 2009 में हैट्रिक को लेकर हरभजन सिंह ने किया बड़ा खुलासा
पूर्व क्रिकेटर ने हाल ही में इस बात को लेकर खुलासा किया कि जब रोहित शर्मा ने इंडियन प्रीमियर लीग 2009 में अपनी हैट्रिक पूरी की थी तब वो भी वहां मौजूद थे।
अद्यतन - अप्रैल 18, 2023 4:40 अपराह्न

भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने इंडियन प्रीमियर लीग में भी काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तो हैट्रिक अपने नाम कर रखी है लेकिन यह उपलब्धि वो IPL में हासिल नहीं कर पाए हैं।
पूर्व क्रिकेटर ने हाल ही में इस बात को लेकर खुलासा किया कि जब रोहित शर्मा ने इंडियन प्रीमियर लीग 2009 में अपनी हैट्रिक पूरी की थी तब वो भी वहां मौजूद थे। बता दें, इंडियन प्रीमियर लीग 2009 सीजन में रोहित शर्मा डेक्कन चार्जर्स की ओर से खेलते थे और वो अपनी टीम के लिए लगातार गेंदबाजी भी करते थे। उसी सीजन में रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ भी मैच खेला और हैट्रिक पूरी की जिसमें हरभजन सिंह का भी विकेट शामिल था।
स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए हरभजन सिंह ने रोहित शर्मा की हैट्रिक को लेकर कहा कि, ‘मैंने भी हैट्रिक ली है लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग में मेरा विकेट झटककर रोहित शर्मा ने अपनी हैट्रिक पूरी की। इस लीग में ऐसे कई खिलाड़ी हैं जिन्होंने काफी अच्छी गेंदबाजी की है लेकिन हैट्रिक पूरी करने वाले रोहित शर्मा हैं।’
पहले IPL ऑक्शन को लेकर हरभजन सिंह ने खुलासा किया कि, ‘हम लोग ऑस्ट्रेलिया में थे जब पहला ऑक्शन हुआ। हम लोग काफी उत्साहित थे और यह देखना चाह रहे थे कि कौन-कौन से खिलाड़ी एक साथ एक ही टीम से खेलते हुए नजर आएंगे। भले ही हम लोग अलग-अलग टीम से खेल रहे थे लेकिन वो सब यादें अलग ही हैं।’
IPL ने कैसे हल किया हरभजन सिंह और एंड्रयू सायमंड्स के बीच की परेशानी
2007 में हरभजन सिंह और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर दिवंगत एंड्रयू सायमंड्स के बीच में चीजें काफी सही नहीं थी। तमाम क्रिकेट फैंस को ‘मंकीगेट’ कांड याद ही होगा। हरभजन सिंह ने इस बात का खुलासा किया कि जब दोनों लोग मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहे थे और ड्रेसिंग रूम शेयर कर रहे थे तब दोनों के बीच में काफी चीजें सही हुई।
हरभजन ने कहा कि, ‘इंडियन प्रीमियर लीग की वजह से हम बाकी खिलाड़ियों को काफी अच्छी तरह से समझ पाए। जो भी परेशानी मेरी एंड्रयू सायमंड्स के साथ थी हम लोगों ने मुंबई इंडियंस में एक साथ रहकर उसे ठीक की। मुझे लगा कि हम लोग एक ही पेज में है।’