डेविड वॉर्नर की खराब बल्लेबाजी और बेकार कप्तानी को लेकर हरभजन सिंह ने दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान की जमकर लगाई क्लास
दिल्ली कैपिटल्स ने अभी तक इस टूर्नामेंट में 8 मुकाबले खेले हैं जिसमें से 2 में टीम ने जीत दर्ज की है जबकि 6 में उनको हार का सामना करना पड़ा है।
अद्यतन - Apr 30, 2023 6:42 pm

भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने इस समय खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान डेविड वॉर्नर के स्ट्राइक रेट को लेकर बड़ा बयान दिया है। बता दें, 29 अप्रैल को खेले गए IPL 2023 के मुक़ाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 9 रनों से मात दी।
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान डेविड वॉर्नर 2 गेंदों में बिना खाता खोले आउट हो गए। हरभजन सिंह की मानें तो अगर टीम के कप्तान ने ज्यादा गेंदें खेली होती तो दिल्ली कैपिटल्स बड़े अंतर से हारते ।
अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल में हरभजन सिंह ने कहा कि, ‘सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में डेविड वॉर्नर जल्दी आउट हो गए थे। शायद यही वजह है कि दिल्ली इस मैच में ज्यादा करीब आ पाई। अगर उन्होंने 50 गेंदें खेली होती तो इसका मतलब यह था कि डेविड ने 50 गेंदें खराब की है और दिल्ली कैपिटल्स इस मैच को 50 रनों से हारते।’
हरभजन ने आगे कहा कि, ‘मुकाबला खत्म होने के बाद जब वो प्रेजेंटेशन के लिए आए तब उन्होंने बाकी खिलाड़ियों को गलत कहा। लेकिन सवाल यही उठता है कि आपने क्या किया? आपने आक्रामक क्रिकेट खेलने का सोचा ही नहीं। आपने 300 से ज्यादा रन तो बनाए हैं लेकिन अपने स्ट्राइक रेट को देखें। यह 300 रन दिल्ली कैपिटल्स के लिए किसी काम के नहीं है।’
डेविड वॉर्नर की कप्तानी को लेकर भी हरभजन सिंह ने रखा अपना पक्ष
हरभजन सिंह ने डेविड वॉर्नर की कप्तानी को लेकर कहा कि, ‘मुझे नहीं लगता कि टीम अब इस टूर्नामेंट में वापसी कर पाएगी और इसके पीछे का कारण है डेविड वॉर्नर की कप्तानी। उन्होंने कप्तानी काफी खराब की है और उनका फॉर्म भी काफी निराशाजनक रहा है। उनको शीशे में देखना चाहिए और यह सोचना चाहिए कि दिल्ली कैपिटल्स अगर इस समय सबसे नीचे है तो इसके पीछे का मुख्य कारण वो खुद हैं।’
दिल्ली कैपिटल्स ने अभी तक इस टूर्नामेंट में 8 मुकाबले खेले हैं जिसमें से 2 में टीम ने जीत दर्ज की है जबकि 6 में उनको हार का सामना करना पड़ा है।