रिकी पोंटिंग का मानना, WTC फाइनल में भारतीय टीम हार्दिक पांड्या को अपने खेमे में कर सकती थी शामिल
रिकी पोंटिंग की मानें तो हार्दिक पांड्या का ऑलराउंड प्रदर्शन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस मैच में काफी कारगर साबित हो सकता है।
अद्यतन - मई 30, 2023 4:09 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का मानना है कि आगामी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल के लिए भारतीय टीम को अपने खेमे में हार्दिक पांड्या को जरूर शामिल करना चाहिए था। बता दें, भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच लंदन के द ओवल में 7 जून से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 का फाइनल खेला जाना है। दोनों ही टीमें इस में बेहतरीन प्रदर्शन करने को देखेंगे।
रिकी पोंटिंग की मानें तो हार्दिक पांड्या का ऑलराउंड प्रदर्शन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस मैच में काफी कारगर साबित हो सकता है। हार्दिक पांड्या ने भारत के लिए अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला 2018 में खेला था और उसके बाद से ही फिटनेस की वजह से उन्हें इस फॉर्मेट से दूर ही रखा गया है। हालांकि रिकी पोंटिंग की मानें तो हार्दिक पांड्या ने हाल ही में संपन्न हुए इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में काफी अच्छी गेंदबाजी की और यह भारत के लिए काफी महत्वपूर्ण बात हो सकती है।
द ICC रिव्यु में रिकी पोंटिंग ने लिखा कि, ‘मैं यही सोच रहा था कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के महत्वपूर्ण मुकाबले में भारतीय टीम को हार्दिक पांड्या जैसा वैल्युएबल खिलाड़ी चाहिए। पांड्या एकमात्र टेस्ट मुकाबले के लिए जरूर भारतीय टीम की ओर से हिस्सा ले सकते हैं।’
हार्दिक पांड्या को लेकर रिकी पोंटिंग ने रखा अपना पक्ष
रिकी पोंटिंग ने आगे कहा कि, ‘मुझे यह बात पता है कि हार्दिक पांड्या को टेस्ट मुकाबला खेलने के लिए काफी परेशानी होगी लेकिन एक मैच के लिए उन्हें भारतीय टीम में शामिल किया जा सकता है। इंडियन प्रीमियर लीग में उन्होंने हर मुकाबले में गेंदबाजी करने की कोशिश की है और वो काफी अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। हार्दिक पांड्या एकमात्र टेस्ट मुकाबले के लिए एक्स-फैक्टर साबित हो सकते हैं।’
बता दें, हार्दिक पांड्या की कप्तानी में इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के फाइनल में गुजरात टाइटंस ने अपनी जगह बनाई थी। हालांकि उन्हें इस फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।
हार्दिक पांड्या ने अभी तक भारत के लिए 11 टेस्ट मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 18 पारियों में 31.29 के औसत से 532 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और 4 अर्धशतक भी मौजूद है। यही नहीं उन्होंने 17 विकेट भी हासिल किए हैं।