कप्तानी की भूमिका में हार्दिक पांड्या ने काफी परिपक्वता दिखाई है – गैरी कर्स्टन
गुजरात टाइटंस की टीम इस समय IPL 2022 सीजन की अंकतालिका में 10 अंकों के साथ पहले स्थान पर है।
अद्यतन - Apr 18, 2022 9:06 pm

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के सीजन में पहली बार खेलने उतरी गुजरात फ्रेंचाइजी ने अब तक शानदार प्रदर्शन करके दिखाया है। टीम ने 6 मुकाबलों में अभी तक 5 में जीत हासिल करते हुए अंकतालिका में 10 अंकों के साथ पहले स्थान पर काबिज है। टीम के बल्लेबाजी कोच गैरी कर्स्टन ने टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या की जमकर तारीफ की है। हार्दिक ने अभी तक अपनी बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग से शानदार प्रदर्शन किया है।
हार्दिक को इस साल की शुरुआत में IPL 2022 मेगा नीलामी से पहले प्री-ड्राफ्ट के दौरान नई टीम द्वारा खरीदा गया था। बाद में उन्हें टीम का कप्तान घोषित किया गया और वो अपनी कप्तानी का कमाल दिखा रहे हैं।
बड़ौदा के घातक ऑलराउंडर ने अभी तक लाजवाब प्रदर्शन किया है। IPL के इस सीजन के साथ, हार्दिक ने टीम में एक ऑलराउंडर के रूप में भी वापसी की और बल्ले और गेंद दोनों से असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्स्टन ने कहा कि ऑलराउंडर के तौर पर हार्दिक ने मैचों में खासा प्रभाव डाला है।
वह एक शानदार खिलाड़ी है
गैरी कर्स्टन ने इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए बताया कि, हमने कई बातचीत की है, लेकिन, आप जानते हैं, कोचिंग की बातचीत ज्यादातर मेरे द्वारा उसे निर्देश देने के बारे में नहीं है। यह मेरे बारे में अधिक है कि वह यह समझने में मदद करता है कि वह अपनी बल्लेबाजी से क्या हासिल करना चाहता है। उन्हें उस जगह में कुछ अच्छी स्पष्टता मिली है। उन्होंने महसूस किया कि वह इस टीम में एक बल्लेबाज के रूप में अपनी पिछली फ्रेंचाइजी की तुलना में बहुत अलग भूमिका निभाने जा रहे हैं।
भारत के पूर्व मुख्य कोच ने गुजरात टाइटंस कैंप में उनके साथ लगभग एक महीने बिताने के बाद पांड्या की प्रशंसा की और टीम और खेल के प्रति उनके जुनून और समर्पण के बारे में बात की। यह पहला मौका है जब हार्दिक पांड्या IPL में किसी टीम की कप्तानी कर रहे हैं। उन्होंने अब तक शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच में से चार मैच जीते हैं। चेन्नई के खिलाफ हुए मुकाबले में हार्दिक पांड्या नहीं खेले थे।
कर्स्टन ने कहा कि, हार्दिक एक शानदार बल्लेबाज है, वह कई अलग-अलग तरीकों से खेल सकते है। वह स्ट्राइक रोटेट कर सकते हैं और गेंद को बाउंड्री तक पहुंचा सकते हैं। इस तरह के बल्लेबाज काफी खतरनाक होते हैं। वे मैदान पर अलग-अलग चीजें कर सकते हैं। मुझे लगता है कि वह बड़ी परिपक्वता के साथ अभी तक खेले है और उन्होंने दबाव की स्थितियों को वास्तव में अच्छी तरह से संभाला है जब वह दो विकेट जल्द गिरने के बाद बल्लेबाजी के लिए उतरे थे।