हार्दिक पांड्या टीम इंडिया के लिए काफी महत्वपूर्ण हैं, उनके जैसे क्रिकेटेर बहुत कम हैं- इरफान पठान
आपको ऐसे खिलाड़ी की जरूरत है जो गेंद और बल्ले से मदद कर सके- इरफान पठान
अद्यतन - Jan 25, 2023 5:47 pm

भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर और टी-20 विश्व कप विजेता खिलाड़ी इरफान ने हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या की तारीफ करते हुए बड़ा बयान दिया है। बता दें कि भारत बनाम न्यूजीलैंड तीसरे वनडे मैच में हार्दिक ने शानदार प्रदर्शन कर टीम इंडिया को ये मैच 90 रन से जिताने में योगदान दिया था।
गौरतलब है कि इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए मैच में पहले हार्दिक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 54 रन बनाकर टीम इंडिया का स्कोर 385/9 पहुंचाया, तो उसके बाद गेंदबाजी में उन्होंने 6 ओवर में 37 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया। दूसरी तरफ हार्दिक के इस प्रदर्शन से खुश होकर इरफान पठान ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि वह टीम इंडिया के लिए काफी महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं।
हार्दिक के लिए इरफान पठान ने कही ये बड़ी बात
बता दें कि, भारत बनाम न्यूजीलैंड तीसरे वनडे मैच खत्म होने के बाद इरफान पठान ने हार्दिक पांड्या को लेकर स्टार स्पोर्ट्स पर बड़ा बयान दिया है। इरफान ने कहा, वह बेहद अहम खिलाड़ी हैं। आपको एक ऐसे खिलाड़ी की जरूरत है जो टीम को बल्लेबाजी और गेंदबाजी से बैलेंस दे सके।
इरफान ने आगे कहा, हार्दिक पांड्या इंडियन टीम को जो काबिलियत प्रदान करते हैं, उसको ढूंढना काफी मुश्किल है। आपको उनके जैसे बहुत कम खिलाड़ी वर्ल्ड क्रिकेट में देखने को मिलेंगे। हार्दिक ने सबसे पहले बल्लेबाजी में अपनी क्लास दिखाई और उसने जो शाॅट खेले मानों लग रहा हो कि वह क्रिकेट ग्राउंड पर टेनिस खेल रहा है।
उन्होंने कुछ असाधारण शॉट खेले और अपनी ताकत व रेंज दिखाई। अगर हार्दिक फाॅर्म में हो तो उन्हें रोकना काफी मुश्किल है। उनकी पारी एक दम सही वक्त पर आई है। टीम इंडिया के अन्य खिलाड़ियों को पुरानी गेंद से रन बनाने में मुश्किल हो रही थी, लेकिन हार्दिक के साथ ऐसा नहीं था।