इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज जीतने के साथ-साथ हार्दिक पंड्या ने इस लिस्ट में अपना नाम किया दर्ज
हार्दिक पंड्या ने इस मुकाबले में 4 विकेट लिए और 71 रन की महत्वपूर्व अर्धशतकीय पारी खेली।
अद्यतन - जुलाई 18, 2022 6:59 अपराह्न

17 जुलाई को मैनचेस्टर, ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए इंग्लैंड बनाम भारत के बीच तीसरे और आखिरी वनडे मुकाबले में ऋषभ पंत के दमदार शतक और हार्दिक पंड्या के ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत भारतीय टीम ने मेजबान पर 5 विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने यह सीरीज 2-1 से जीता। साल 2014 के बाद यह पहली वनडे सीरीज है जिसको भारत ने इंग्लैंड में जीता है।
भारतीय टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को उनके बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन की वजह से प्लेयर ऑफ द सीरीज घोषित किया गया। उन्होंने तीसरे वनडे मुकाबले में 24 रन देकर चार विकेट झटके थे और उसके बाद 71 रन की महत्वपूर्ण अर्धशतकीय पारी खेली थी।
एक ही वनडे मुकाबले में चार विकेट और अर्धशतक जड़ने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में हार्दिक पांड्या ने अपना नाम दर्ज कर दिया है। क्रिस श्रीकांत, सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, युवराज सिंह के बाद अब हार्दिक पंड्या का नाम भी इस लिस्ट में जुड़ गया है। यही नहीं वनडे और टी-20 दोनों में यह कारनामा करने वाले वो ऑस्ट्रेलिया के शेन वॉटसन के बाद दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं।
ओल्ड ट्रैफर्ड में चला ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या का बल्ला
तीसरे वनडे मुकाबले की बात की जाए तो इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 259 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान जॉस बटलर ने 60 रन की महत्वपूर्ण अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 3 चौके और 2 छक्के जड़े।
बटलर के अलावा ओपनर जेसन रॉय ने 31 गेंदों में 41 रन बनाए। आखिरी में क्रेग ओवर्टन ने 33 गेंदों में 32 रन की पारी खेलकर टीम का स्कोर 250 के पार किया। हार्दिक पांड्या के 4 विकेट लेने के अलावा स्पिनर युजवेंद्र चहल ने 60 रन देकर 3 विकेट झटके।
जवाब में भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव में से कोई भी बल्लेबाज 20 रन के ऊपर नहीं बना पाया। एक समय भारत का स्कोर 72 रन पर 4 विकेट था। लेकिन इसके बाद हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत के बीच पांचवें विकेट के लिए 133 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। हार्दिक पांड्या ने अपनी 71 रनों की पारी में 10 चौके जड़े। उनके अलावा ऋषभ पंत ने 113 गेंदों में 125 रन की नाबाद शतकीय पारी खेली जिसमें उन्होंने 16 चौके और 2 छक्के जड़े।