“हमारी टीम को ऐसा करना बंद करना होगा, नहीं तो….”- POTM अवॉर्ड मिलने के बाद हार्दिक ने भारत को चेताया
पांड्या ने बांग्लादेश के खिलाफ मैच में दिखाया अपना ऑलराउंड प्रदर्शन।
अद्यतन - जून 23, 2024 10:36 पूर्वाह्न

टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के 48वें मैच में भारत ने बांग्लादेश को 50 रनों हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। भारत ने अमेरिका और वेस्टइंडीज में खेले जा रहे वर्ल्ड कप में अभी तक अपने सभी मुकाबले जीते हैं। एंटीगुआ के नॉर्थ साउंड के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेले गए सुपर 8 राउंड के ग्रुप 1 मैच में भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने अर्धशतकीय पारी खेली।
हार्दिक की इसी पारी के बदौलत बांग्लादेश के सामने भारत बड़ा लक्ष्य रखने में कामयाब रहा। इसी बीच मैच खत्म होने के बाद टीम इंडिया के उपकप्तान हार्दिक पांड्या ने नॉकआउट मुकाबलों से पहले टीम की एक समस्या बताई है, जो आने वाले मैचों में खतरा बन सकती है। सेमीफाइनल चरण से पहले भारत की एकमात्र समस्या को उजागर करते हुए कहा कि टीम को गुच्छों में विकेट गंवाना बंद करना होगा।
प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड मिलने के बाद हार्दिक पांड्या ने दिया बड़ा बयान
प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिलने के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में बात करते हुए हार्दिक पांड्या ने कहा कि, ”मुझे लगता है कि हम काफी अच्छा क्रिकेट खेले। हमने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और अपनी योजनाओं को अच्छी तरह लागू किया।” कुछ परिस्थितियों में सभी को आगे बढ़कर जिम्मेदारी लेनी होती है। मुझे अहसास हुआ कि बल्लेबाज हवा का इस्तेमाल करना चाहते थे।
बतौर ग्रुप हम कई स्थानों पर बेहतर हो सकते हैं, लगातार विकेट गंवाना ऐसी चीज है जिसे हम सुधार सकते हैं और बेहतर कर सकते हैं, इसके अलावा हम अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।” पांड्या ने अपनी गेंदबाजी को लेकर कहा कि, ”मुझे बस यह सुनिश्चित करना था कि मैं उन्हें हवा के बहाव वाली जगह पर शॉट नहीं मारने दूं, यह बल्लेबाज से एक कदम आगे रहने के बारे में था।”
इस मैच में हार्दिक के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने पहले बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वहीं जब बारी आई गेंदबाजी की तो वहां उन्होंने तीन ओवर में 32 रन देकर लिटन दास का एक महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किया। इसी ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला।