World Cup 2023: टीम इंडिया के लिए राहत भरी खबर! इंग्लैंड के खिलाफ मैच में वापसी करेंगे हार्दिक पांड्या
बांग्लादेश के खिलाफ मैच में सिर्फ तीन गेंदें ही फेंक पाए थे हार्दिक।
अद्यतन - अक्टूबर 23, 2023 4:18 अपराह्न

टीम इंडिया ने कल रात वर्ल्ड कप 2023 के एक रोमांचक मुकाबले में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया। इस मैच में जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम और उनके फैंस के लिए राहत भरी खबर आई है। दरअसल टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या 29 अक्टूबर को लखनऊ में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले मैच के लिए चयन के लिए उपलब्ध हो सकते हैं।
क्रिकबज के हवाले से बीसीसीआई के सूत्र ने कहा कि टखने की चोट के कारण यह ऑलराउंडर रविवार को धर्मशाला में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में नहीं खेल सका। उन्हें बस हल्की सी मोच थी और “कुछ भी गंभीर नहीं” था।
बांग्लादेश के खिलाफ मैच में चोटिल हुए थे हार्दिक पांड्या
दरअसल गेंद रोकने की कोशिश में ऑलराउंडर पांड्या का बायां टखना मुड़ गया था और वह पुणे में बांग्लादेश की पारी में केवल तीन गेंद ही फेंक सके। चोट मैच के नौवें ओवर और हार्दिक के पहले ओवर के दौरान लगी, जब उन्होंने फॉलो-थ्रू पर अपने पैर से गेंद को रोकने की कोशिश की। वह सपोर्ट स्टाफ के साथ लड़खड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए।
क्रिकबज के हवाले से बीसीसीआई के एक सूत्र ने हार्दिक पांड्या की चोट पर अपडेट देते हुए कहा कहा कि, “यह केवल मोच है और कोई गंभीर बात नहीं है।” “उन्हें लखनऊ मैच में चयन के लिए उपलब्ध होना चाहिए।”
पांड्या भारत की प्लेइंग XI का अहम हिस्सा हैं। उन्हें रवींद्र जड़ेजा के साथ निचले क्रम में फिनिशर के रूप में देखा जाता है और इसके साथ वह गेंदबाजी में भी अपना योगदान दे सकते हैं। उनकी वापसी से भारत की टीम काफी संतुलित हो जाएगी और वो टीम को छठा गेंदबाजी विकल्प चुनने की अनुमति देते हैं।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि टीम अब 25 अक्टूबर को लखनऊ जाने से पहले धर्मशाला में दो दिन के ब्रेक का आनंद लेगी। भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले मैच में लगभग छह दिनों का वक्त बाकी है।
यह भी पढ़ें: CWC 2023: Noor Ahmad ने मोहम्मद रिजवान को 8 रनों पर दिखाया पवेलियन का रास्ता