वनडे प्रारूप में हरमनप्रीत कौर की 3 सर्वश्रेष्ठ पारियों के बारे में जाने यहां
आज हम आपको बताते हैं हरमनप्रीत कौर की 3 सर्वश्रेष्ठ वनडे पारियों के बारे में।
अद्यतन - जुलाई 21, 2023 3:54 अपराह्न

20 जुलाई को भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ICC महिला वर्ल्ड कप 2017 के सेमीफाइनल मुकाबले में 171 रनों की नाबाद मैच जिताऊ पारी खेल इतिहास रच दिया था। यह मैच डर्बी के काउंटी ग्राउंड में खेला गया था।
वो महिला वनडे वर्ल्ड कप में एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय खिलाड़ी बनी थी। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जबरदस्त बल्लेबाजी की और विरोधी टीम के किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा। यह उनका वनडे प्रारूप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी अभी तक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।
हरमनप्रीत कौर ने भारत की ओर से ऐसे कई मुकाबले हैं जिसमें उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई है। उनकी बल्लेबाजी को देख कई युवा खिलाड़ियों ने भी क्रिकेट को अपनी पहली पसंद बना लिया है। आज हम आपको बताते हैं हरमनप्रीत कौर की 3 सर्वश्रेष्ठ वनडे पारियों के बारे में।
3- इंग्लैंड के खिलाफ 2013 महिला वर्ल्ड कप में 107 रनों की नाबाद पारी

2013 में महिला वर्ल्ड कप भारत में ही खेला गया था और मेजबान टीम इस सत्र की ट्रॉफी को अपने नाम करना चाहती थी। तमाम लोगों को उम्मीद थी कि इस बार का फाइनल भारतीय महिला टीम ही अपने नाम करेगी लेकिन उनका यह सपना चकनाचूर हो गया। ग्रुप स्टेज में इंग्लैंड और श्रीलंका के खिलाफ मिली करारी शिकस्त के बाद वो सेमीफाइनल में भी अपनी जगह नहीं बना पाई थी।
बता दें, उस सीजन का पहला मैच भारतीय महिला टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 105 रनों से जीता था। ग्रुप स्टेज का दूसरा मुकाबला टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला था। उस समय की टीम की कप्तान मिताली राज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 272 रन बनाए।
जवाब में भारतीय टीम की शुरुआत इतनी अच्छी नहीं रही। उनके टॉप ऑर्डर बल्लेबाज 29 रन पर ही वापस पवेलियन लौट गए। हालांकि उसके बाद हरमनप्रीत कौर ने विकेटकीपर बल्लेबाज करुणा जैन के साथ 106 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। करुणा जैन 56 बनाकर आउट हो गई। उसके बाद हरमनप्रीत ने एक छोर को काफी अच्छी तरह से संभाला लेकिन दूसरी ओर से उन्हें बिल्कुल भी मदद नहीं मिली। भारतीय टीम को 32 रनों से करारी शिकस्त मिली लेकिन हरमनप्रीत कौर की 107 रनों की नाबाद पारी में सभी का दिल जीत लिया।