‘CSK का ये 20 साल का गेंदबाज वर्ल्ड कप में लेगा सबसे अधिक विकेट’- आकाश चोपड़ा का हैरान करने वाला Statement
आकाश चोपड़ा ने कहा मार्क वुड भी इस वर्ल्ड कप में कर सकते हैं कमाल का प्रदर्शन।
अद्यतन - अक्टूबर 3, 2023 6:42 अपराह्न

पूर्व भारतीय बल्लेबाज आकाश चोपड़ा का मानना है कि श्रीलंका के युवा तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना भारत में आगामी वनडे विश्व कप में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों में से एक हो सकते हैं। पथिराना को तेज गेंदबाजों में तुरुप का इक्का करार देते हुए चोपड़ा ने कहा कि वह अच्छे एरिया में गेंदबाजी करते हैं और उनके पास काफी वेरिएशन भी हैं।
गेंदबाजी एक्शन के कारण 20 वर्षीय पथिराना की तुलना अक्सर लसिथ मलिंगा से की जाती है। सभी का मानना है कि, श्रीलंकाई दिग्गज की झलक मिलती है। इस युवा खिलाड़ी ने अब तक 10 वनडे मैचों में 28.73 की औसत से 15 विकेट लिए हैं। हालांकि उन्होंने अभी बहुत अधिक इंटरनेशनल मैच नहीं खेले हैं, फिर भी कई पूर्व दिग्गजों ने उन्हें भविष्य का सुपर स्टार बताया है। उनको लेकर अब आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर बड़ा बयान दिया है।
उन्होंने कहा कि, “मथीशा पथिराना का ग्राफ बढ़ रहा है। हमने उन्हें भारत के खिलाफ संघर्ष करते देखा है, लेकिन अन्य टीमों के खिलाफ उन्होंने रोमांचक अंदाज में बल्लेबाजों को घुटनों पर ला दिया है। उसके पास यॉर्कर, राउंड-आर्म बाउंसर और अच्छे धीमे बाउंसर हैं। चेन्नई (सीएसके) ने उन्हें बहुत अच्छी तरह से तैयार किया है और अब वह श्रीलंकाई क्रिकेट को गौरवान्वित कर रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि, “वह बहुत अच्छे एरिया में गेंदबाजी करता है, जहां विकेट मिलने की संभावना बहुत अधिक होती है। मुझे लगता है कि वह इस वर्ल्ड कप में तुरुप का इक्का साबित करते हैं। वह श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हो सकते हैं।” आपको बता दें कि साल आईपीएल 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स के चैंपियन बनने में मथीशा पथिराना ने अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने 12 मैचों में 19.53 की औसत से 19 विकेट लिए थे।”
मार्क वुड को लेकर भी आकाश चोपड़ा ने की बड़ी भविष्यवाणी
पथिराना के अलावा, चोपड़ा ने भारत में विश्व कप में ढेर सारे विकेट लेने के लिए इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड का भी नाम लिया। हालांकि मार्क वुड चोट की वजह से पूरा खेल पाएंगे या नहीं ये एक बड़ा सवाल है। लेकिन भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज ने कहा कि अगर वुड सभी मैच खेलते हैं, तो वह ढेर सारे विकेट हासिल करेंगे।
उन्होंने कहा कि, “मार्क वुड वास्तव में तेज गेंदबाजी करते हैं। वह कठिन ओवर फेंकेंगे. वह बीच के ओवरों में विकेट लेने की कोशिश करेंगे। वह डेथ ओवरों में ज्यादा गेंदबाजी नहीं करता है, लेकिन नई गेंद से… वह एक अलग गेंदबाज है, एक अलग नस्ल है, जो 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करता है। उन्हें फिटनेस की समस्या है, लेकिन अगर वह सभी मैच खेलें तो ढेर सारे विकेट लेंगे।”
यह भी पढ़ें: हद से ज्यादा खराब है पाकिस्तान की फील्डिंग, देखें वीडियो…