जो रवि शास्त्री ने साल 1985 में भारतीय टीम के लिए वह हार्दिक पांड्या इस टी-20 वर्ल्ड कप में कर सकते हैं – सुनील गावस्कर
टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में हार्दिक पांड्या भारतीय टीम के लिए एक मैच विनर खिलाड़ी साबित हो सकते हैं।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - सितम्बर 13, 2022 4:08 अपराह्न

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए 15 सदस्यीय भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान चयनकर्ताओं ने 12 सितंबर की शाम को कर दिया। जिसमें शामिल किए गई कई खिलाड़ियों के नाम पहले से ही तय माने जा रहे थे और इसमें शानदार फॉर्म में चल रहे ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पांड्या का नाम भी शामिल है, जो ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में एक मैच विनर खिलाड़ी की भूमिका को निभा सकते हैं।
इसी को लेकर पूर्व भारतीय दिग्गज खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने अपने एक दिए बयान में कहा कि हार्दिक पांड्या भारतीय टीम के लिए आगामी ICC टी-20 वर्ल्ड कप में उसी भूमिका को निभा सकते हैं जो साल 1985 की वर्ल्ड चैंपिंयनशिप ऑफ क्रिकेट में भारतीय टीम को विजेता बनाने में रवि शास्त्री ने निभाई थी। वहीं गावस्कर के अनुसार हार्दिक पांड्या इस समय वर्ल्ड क्रिकेट के शानदार ऑलराउंडर खिलाड़ियों में से एक हैं।
सुनील गावस्कर ने इंडिया टुडे को दिए अपने बयान में हार्दिक पांड्या को लेकर कहा कि, जी हां मुझे लगता है कि हार्दिक टीम के लिए वह काम कर सकते हैं जो रवि शास्त्री ने साल 1985 में किया था। जहां पर रवि ने गेंद और बल्ले दोनों से टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। ऐसा ही कुछ हार्दिक भी पूरी तरह से करने में सक्षम हैं।
गावस्कर ने आगे कहा कि, आपको नहीं भूलना चाहिए हार्दिक एक शानदार फील्डर भी हैं और इसका लाभ ऑस्ट्रेलिया के बड़े मैदानों पर आपको साफतौर पर मिलने वाला है।
हार्दिक आपके शुरुआती तीन तेज गेंदबाजों में से एक नहीं हो सकते – संजय मांजरेकर
वहीं भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी संजय मांजरेकर ने स्पोर्ट्स-18 के शो स्पोर्ट्स ओवर द टॉप पर हार्दिक पांड्या को लेकर बात करते हुए कहा कि टीम को इस बात का पूरी तरह से ध्यान रखना चाहिए कि हार्दिक पांड्या को वह बतौर तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में ना देखें क्योंकि एशिया कप 2022 में आप इस गलती को कर चुके हैं जिसका बड़ा नुकसान देखने को मिला था।
संजय मांजरेकर ने कहा कि, मेरे दिमाग में इस समय जो एक बात साफ आ रही है कि यदि टीम मैनेजमैंट सिर्फ तीन तेज गेंदबाजों को खिलाने का फैसला करता है तो उसमें हार्दिक पांड्या आपके तीसरे तेज गेंदबाजन नहीं हो सकते हैं। अभी तक इस साल हार्दिक पांड्या ने 16 मैचों में 30.09 के औसत से 331 रन बनाने के साथ सिर्फ 12 विकेट हासिल किए हैं।