IND vs AUS: शुभमन गिल की बल्लेबाजी के मुरीद हुए सुनील गावस्कर, तीसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद दिया बड़ा बयान
शुभमन गिल ने ऑस्ट्रेलिया के किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा और 235 गेंदों में 12 चौके और 1 छक्के की मदद से 128 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।
अद्यतन - Mar 11, 2023 8:57 pm

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथे टेस्ट के तीसरे दिन युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शानदार शतक जड़ा। उन्होंने रोहित शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 74 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की और 90 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
बता दें, तीसरे टेस्ट में उन्होंने दोनों पारियों में 21 रन और 5 रन बनाए थे। हालांकि चौथे टेस्ट की बात की जाए तो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा और 235 गेंदों में 12 चौके और 1 छक्के की मदद से 128 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने भी बेहतरीन बल्लेबाज की जमकर तारीफ की।
शुभमन गिल के मुरीद हुए सुनील गावस्कर
सुनील गावस्कर ने कहा कि, ‘ उनके पास काफी समय है। जब वो डिफेंस शॉट खेलते हैं तब वो थोड़ा झुक कर बल्लेबाजी करते हैं। मिचेल स्टार्क के खिलाफ भी उन्होंने सीधे बल्ले से ज्यादातर शॉट्स खेले। इसे देखकर लगता है कि उनके अंदर काफी आत्मविश्वास है। वो सिर्फ बैकफुट पर नहीं खेलते आगे आकर भी मजबूत डिफेंस करते हैं। टेस्ट क्रिकेट में आपको इसकी जरूरत होती है।’
गावस्कर ने आगे कहा कि, ‘ तेज गेंदबाजों के सामने आगे और पीछे होकर खेलना इतना आसान नहीं है। लेकिन वो गेंद के लाइन में आकर बल्लेबाजी करते हैं। अगर किसी बल्लेबाज के पास टाइम है और वह अपने करियर को सीधी रहा में ले जाते हैं तो आराम से 8 से 10000 रन बना सकते हैं।’
बता दें, ऑस्ट्रेलिया ने इस चौथे टेस्ट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। उन्होंने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 480 रन बनाए। उस्मान ख्वाजा ने 422 गेंदों में 21 चौकों की मदद से 180 रन की पारी खेली जबकि कैमरून ग्रीन ने 170 गेंदों में 18 चौकों की मदद से 114 रन बनाए। टॉड मर्फी ने 41 रन का योगदान दिया जबकि नाथन लियोन ने 34 रन बनाए।
भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन ने 6 विकेट झटके जबकि मोहम्मद शमी ने 2 विकेट हासिल किए। अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा ने 1-1 विकेट हासिल किया। भारत की ओर से कप्तान रोहित शर्मा ने 58 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 35 रन बनाए जबकि चेतेश्वर पुजारा ने 42 रन का योगदान दिया। खेल का चौथा दिन दोनों टीमों के लिए काफी महत्वपूर्ण होने वाला है।