अश्विन ने की भविष्यवाणी, कहा- कुलदीप बन सकते हैं नंबर एक टेस्ट गेंदबाज
कुलदीप ने अपने करियर में अब तक 7 टेस्ट मैच खेले हैं।
अद्यतन - Oct 13, 2022 11:20 am

हाल ही में समाप्त हुई दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में कुलदीप यादव ने गेंद के साथ बेहतरीन प्रदर्शन किया। आखिरी वनडे में उन्होंने सिर्फ 18 रन देकर चार विकेट अपने नाम किया और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। कुलदीप यादव को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला।
उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन को देखने के बाद टीम इंडिया के दिग्गज ऑफ स्पिनर रवि चंद्रन अश्विन ने उनकी जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा है कि कुलदीप यादव जिस तरह से गेंद डालते हैं उसे देखते हुए वो टेस्ट क्रिकेट में काफी ज्यादा सफल हो सकते हैं। अश्विन के मुताबिक वो सही लेंथ पर लगातार गेंदबाजी करते हैं और उनकी यही खाशियत उन्हें सबसे अलग गेंदबाज बनाती है।
अश्विन ने जमकर की कुलदीप की तारीफ
अपने यूट्यूब चैनल पर कुलदीप यादव की तारीफ करते हुए आर अश्विन ने कहा कि, “जब रिस्ट स्पिनर्स की बात होती है तो कुलदीप यादव के बारे में मैंने हमेशा ये महसूस किया है। लंबे फॉर्मेट में अच्छा करने के लिए जिस स्किल की जरूरत होती है वो उनके पास है। वो उस लेंथ पर लगातार बेहतर कर सकते हैं। वो जहां चाहें जिस लेंथ पर चाहें गेंदबाजी कर सकते हैं। एक रिस्ट स्पिनर की ये क्वालिटी काफी शानदार होती है और उनकी ये स्किल काफी कमाल की है।”
अच्छे प्रदर्शन के बावजूद कुलदीप यादव टीम इंडिया में अपनी जगह पक्की नहीं कर पाए हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज खत्म होने के बाद वर्ल्ड कप में नहीं चुने जाने को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी थी। बाएं हाथ के रिस्ट स्पिनर ने कहा कि वो अब फेल होने से नहीं डरते हैं।
पिछले कुछ महीने कुलदीप के लिए काफी मुश्किल भरे रहे थे। वह आईपीएल के दौरान चोटिल हुए और उसके बाद उनके घुटने की सर्जरी हुई। इसके कारण वो कई महीनों तक क्रिकेट एक्शन से दूर रहे। इसी दौरान उनके कलाई में हेयरलाइन फ्रैक्चर भी हुआ, जिसके कारण वह जून में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टी-20 इंटरनेशनल सीरीज से बाहर रहे। वो आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से भी बाहर रहे थे।