‘वह रन नहीं बना रहे जो बड़ी परेशानी है…’- RR की हार के लिए आकाश चोपड़ा ने इन दो खिलाड़ियों को बताया जिम्मेदार
मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में संजू सैमसन (14 रन) और जोस बटलर (18 रन) पर आउट हो गए थे।
अद्यतन - May 1, 2023 1:17 pm

आईपीएल 2023 के पिछले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के खिलाफ 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी। राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए यशस्वी जायसवाल के 124 रनों की शानदार पारी के बदौलत 212 रन बोर्ड पर लगाए थे। लेकिन टीम के अहम बल्लेबाज जोस बटलर और संजू सैमसन वापस से फ्लॉप दिखे।
जोस बटलर (18 रन) पर तो वहीं कप्तान संजू सैमसन (14 रन) पर विकेट गंवा बैठे। इसी बीच क्रिकेट कमेंटटेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी क्रम भले ही मजबूत है लेकिन टीम इस वक्त परेशानी में हैं क्योंकि संजू सैमसन और जोस बटलर जैसे खिलाड़ी रन नहीं बना रहे हैं।
टीम के दो अहम खिलाड़ी रन नहीं बना रहे- आकाश चोपड़ा
राजस्थान रॉयल्स के हार के बाद क्रिकेट कमेंटटेटर आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा, ‘राजस्थान एक दूसरी परेशानी झेल रही है। जोस बटलर रन नहीं बना रहे जो वह हमेशा करते हैं। इस साल उन्होंने शुरूआत अच्छी की लेकिन वह अब थोड़े धीमे हो गए हैं।’
आकाश चोपड़ा ने आगे कहा, ‘संजू सैमसन भी बिल्कुल रन नहीं बना रहे हैं। टीम इसलिए अच्छी लग रही है क्योंकि उनके पास शिमरन हेटमायर, ध्रुव जुरेल और देवदत्त पडिक्कल है। टीम अच्छी हैं लेकिन दो अहम खिलाड़ी रन नहीं बना रहे हैं, जो बड़ी परेशानी है।’
संजू सैमसन के इस फैसले पर आकाश चोपड़ा ने उठाए सवाल
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला चुना था। टीम ने विशाल स्कोर तो बोर्ड पर खड़ा किया, लेकिन मुंबई इंडियंस ने वानखेड़े के मैदान में आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। आकाश चोपड़ा संजू सैमसन के इस फैसले पर भी सवाल उठाते हुए नजर आए।
आकाश चोपड़ा ने कहा, ‘यह अच्छा था कि टॉस जीतकर राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला चुना। लेकिन आपको मुंबई में यह नहीं करना चाहिए था। आप मुंबई में चेज करना चाहते हैं क्योंकि बाद में ओस आ जाती है और यह रन-चेज करने वाला मैदान है। कल काफी ज्यादा ओस थी जब मैंने पार्थिव पटेल से पूछा था तो उन्होंने कहा था ऐसा लग रहा है जैसे नदी बह रही है।’