आखिर क्यों फाफ डु प्लेसिस को चुना गया RCB टीम का कप्तान? माइक हेसन ने किया बड़ा खुलासा
RCB पॉडकास्ट में बात करते हुए माइक हेसन ने कहा कि, 'हम चाहते थे कि किसी ऐसे खिलाड़ी को कप्तानी सौंपा जाए जिसने इससे पहले अंतरराष्ट्रीय स्तर में भी यह कमान संभाली हो।'
अद्यतन - Apr 18, 2023 5:34 pm

विराट कोहली के रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तानी पद से हटने के बाद तमाम फैंस के मन में यही सवाल था कि आखिर अब इस फ्रेंचाइजी की कप्तानी कौन करेगा? फ्रेंचाइजी भी किसी अनुभवी खिलाड़ी को टीम का कप्तान नियुक्त करना चाहती थी। हालांकि उन्होंने भी ज्यादा समय नहीं लिया और फाफ को अपनी टीम में शामिल करके उन्हें RCB का कप्तान नियुक्त कर गया।
IPL 2022 में RCB ने फाफ डु प्लेसिस पर बड़ी बोली लगाई और तुरंत उन्हें टीम की कप्तानी सौंप दी। अब इसी को लेकर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट माइक हेसन ने इस बात का खुलासा किया है कि आखिर क्यों फाफ को यह जिम्मेदारी दी गई।
RCB पॉडकास्ट में बात करते हुए माइक हेसन ने कहा कि, ‘हम चाहते थे कि किसी ऐसे खिलाड़ी को कप्तानी सौंपा जाए जिसने इससे पहले अंतरराष्ट्रीय स्तर में भी यह कमान संभाली हो। कोई ऐसा क्रिकेटर जिसको भारतीय और अंतरराष्ट्रीय दोनों ही खिलाड़ी सम्मान दें। हम चाहते थे कि कोई ऐसा खिलाड़ी टीम का कप्तान नियुक्त हो जो सिर्फ 1 साल के लिए ही नहीं बल्कि थोड़े लंबे समय के लिए टीम की कप्तानी संभाल पाए और मैदान में भी RCB की ओर से अच्छा प्रदर्शन कर पाए।’
हम ऐसे खिलाड़ी को कप्तान बनाना चाहते थे जिन्होंने IPL के हालिया संस्करणों में अच्छा प्रदर्शन किया हो: माइक हेसन
RCB के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ने आगे कहा कि, ‘हम ऐसा खिलाड़ी चाहते थे जो टीम से तुरंत जुड़ कर अच्छा प्रदर्शन करें और जिसका IPL के हालिया संस्करण में रिकॉर्ड भी अच्छा हो और फाफ उसमें सबसे आगे थे। फाफ कोचिंग ग्रुप के साथ भी अच्छी तरह से काम करते थे। हमारे पास कई अच्छे सीनियर खिलाड़ी थे जैसे ग्लेन मैक्सवेल, विराट कोहली और दिनेश कार्तिक।
हम एक अलग तरीके की कप्तानी को आगे ले जाना चाह रहे थे और इन सब चीजों में फाफ काफी अच्छी तरह से फिट बैठे। उन्होंने सारे बॉक्स को टिक किया।’
इंडियन प्रीमियर लीग 2022 में RCB ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया था लेकिन क्वालीफायर 2 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ वो हार गए थे। इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में अभी तक RCB ने 5 मुकाबले खेले हैं जिसमें से 2 में उन्होंने जीत दर्ज की है और तीन में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।