जब रोहित शर्मा ने अपने विकेट की भविष्यवाणी पहले से ही शुभमन गिल से कर दी थी - क्रिकट्रैकर हिंदी

जब रोहित शर्मा ने अपने विकेट की भविष्यवाणी पहले से ही शुभमन गिल से कर दी थी

शुभमन गिल ने अभी तक 2023 में कुल 6 वनडे मुकाबलों में 570 रन जड़े हैं।

Shubman Gill and Rohit Sharma (Pic Source-Twitter)
Shubman Gill and Rohit Sharma (Pic Source-Twitter)

युवा बल्लेबाज शुभमन गिल का प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अभी तक काफी शानदार रहा है। उन्होंने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में दोहरा शतक जड़ इतिहास रच दिया था। गिल ने पहले वनडे में 149 गेंदों में 19 चौके और 9 छक्कों की मदद से 209 रन बनाए थे।

शुभमन गिल ने अभी तक 2023 में कुल 6 वनडे मुकाबलों में 570 रन जड़े हैं। गिल ने भारत के लिए 21 वनडे में 73.76 के औसत और 109.81 के स्ट्राइक रेट से 1252 रन बनाए हैं। उन्होंने अभी तक कप्तान रोहित शर्मा का ओपनिंग में काफी अच्छा साथ दिया है। बता दें, अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा भी गिल का काफी साथ देते हैं।

शुभमन गिल ने इस चीज की जमकर प्रशंसा की कि कोहली और रोहित ने काफी युवा उम्र में ही काफी कुछ हासिल कर लिया था और अब उनके साथ समय बिताकर और उनसे सीखकर गिल को भी काफी अच्छा लग रहा है।

विराट और रोहित के साथ बल्लेबाजी करना सच में कमाल की बात है: शुभमन गिल

BCCI ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट में एक वीडियो अपलोड की जिसमें गिल भारतीय कोच राहुल द्रविड़ को कह रहे हैं कि, ‘ इन लोगों के साथ बल्लेबाजी करना सच में कमाल की बात है। मैंने बचपन से इन दोनों को बल्लेबाजी करते हुए देखा है और यह दोनों खिलाड़ी मेरे आदर्श रहे हैं।

जब भी भारत ऑस्ट्रेलिया का दौरा करती थी मैं विराट और रोहित को देखता था और उनकी बल्लेबाजी की प्रशंसा करता था। यह सच में कमाल की बात है। मैदान में उतर कर लगातार शतक के बाद शतक जड़ना। वो लोग ये कैसे कर सकते हैं। कैसे यह दोनों खिलाड़ी साल दर साल लगातार रन बनाते हैं।’

गिल ने आगे कहा कि, ‘रोहित भाई के साथ बल्लेबाजी करना सच में मुझे बहुत अच्छा लगता है। वो एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। जब मैं और रोहित भाई तीसरे वनडे में बल्लेबाजी कर रहे थे और मुझे लगता है शायद उन्होंने 70 या 80 रन बना लिए थे तब न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिचेल गेंदबाजी कर रहे थे।

रोहित भाई ने कहा कि मिचेल शायद मुझे आउट कर सकता है क्योंकि उनकी गेंदें थोड़ी रुक कर आ रही हैं लेकिन इसके बावजूद मैं उनके खिलाफ आक्रमक शॉट्स खेलूंगा। बड़े खिलाड़ियों की यही मानसिकता रहती है।’ बता दें, रोहित शर्मा ने डेरिल मिचेल को 3 बाउंड्री जड़ी।

हालांकि 21वें ओवर में मिचेल ने लगभग रोहित का विकेट अपने नाम कर लिया था। उन्होंने एक बड़ा शॉट लगाना चाहा लेकिन गेंद बल्ले से सही तरीके से नहीं लगी और वो हवा में काफी ऊपर गई। हालांकि फील्डर ने शर्मा का कैच छोड़ दिया और उन्हें बड़ा जीवनदान मिला।

close whatsapp