‘उनको अब आराम की जरूरत है..’- शादाब खान के प्रदर्शन पर कामरान अकमल ने दागे बड़े सवाल
पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई है।
अद्यतन - Apr 26, 2023 8:34 pm

पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच हाल ही में टी-20 सीरीज खेली गई जो दोनों टीमों के बीच 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई है। पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले दो मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज की थी। लेकिन तीसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड ने वापसी करते हुए 4 रनों से जीत दर्ज की।
दोनों टीमों के बीच चौथा टी-20 मुकाबला बारिश के चलते रद्द हो गया था। जिसके बाद पांचवे टी-20 मुकाबले में न्यूजीलैंड ने मार्क चैपमैन के शानदार शतकीय पारी के दम पर 6 विकेट से जीत हासिल की। टी-20 सीरीज खत्म होने के बाद पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी कामरान अकमल ने शादाब खान के प्रदर्शन को लेकर बड़ा बयान दिया है।
बाबर को नहीं पता कब किस गेंदबाज को गेंद देनी चाहिए- कामरान अकमल
टी-20 सीरीज के खत्म होने के बाद पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी कामरान अकमल टीम के प्रदर्शन पर जमकर भड़कते हुए नजर आ रहे हैं। कामरान अकमल का कहना है कि, पाकिस्तानी खिलाड़ी फील्ड पर अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखा पाने में नाकामयाब हो रहे हैं और बार-बार गलतियां दोहरा रहे हैं।
कामरान अकमल ने अपने यूट्यूब चैनल पर टीम के प्रदर्शन और बाबर आजम की कप्तानी पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘हमारा ध्यान उनकी कप्तानी पर है उनके प्रदर्शन पर नहीं था। हम उनकी क्षमताओं के प्रति अंधे नहीं है। चार साल में भी उन्हें नहीं पता कि कप्तानी कैसे करनी है- उन्हें यह भी नहीं पता कि किस समय किस गेंदबाज को गेंद देनी चाहिए। यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है जब वे वहीं गलतियां करते रहे तो वे हार गए। हमने गलतियों को नियंत्रित नहीं किया। इसलिए न्यूजीलैंड जीत गई।’
शादाब खान को आराम देना चाहिए- कामरान अकमल
न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवे टी-20 मैच में बाबर आजम ने जिम्मी नीशम और मार्क चैपमैन जैसे बाएं हाथ के बल्लेबाजों के सामने शादाब खान को गेंद थमाई थी। कामरान अकमल का कहना है कि, बाबर आजम को शादाब खान की जगह इफ्तिखार अहमद को गेंद थमानी चाहिए थी।
कामरान अकमल ने आगे बात करते हुए कहा, ‘अगर दो बाएं-हाथ के बल्लेबाज क्रीज पर हैं तो इफ्तिखार अहमद को गेंदबाजी करनी चाहिए थी। लेकिन उनकी जगह हमने लेग-स्पिनर शादाब खान को देखा जो काफी ज्यादा महंगे साबित हुए। मुझे लगता है उसे (शादान खान) को आराम देना चाहिए और टीम को किसी और ऑलराउंडर की तरफ जाना चाहिए।’