रोहित शर्मा की पारी को देख मुझे चेतेश्वर पुजारा की याद आ गई: पूर्व भारतीय बल्लेबाजी कोच ने दिया हैरान कर देने वाला बयान
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने पहली पारी में 212 गेंदों में 15 चौके और दो छक्कों की मदद से 120 रन की शानदार शतकीय पारी खेली।
अद्यतन - फरवरी 12, 2023 6:14 अपराह्न

नागपुर में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले को भारत ने एक पारी और 132 रन से अपने नाम किया था। मेजबान भारत ने शुरुआत से ही ऑस्ट्रेलिया के ऊपर दबाव बनाए रखा जिसकी वजह से उन्होंने इस मुकाबले में जीत दर्ज की। पहले गेंदबाजों ने कमाल की गेंदबाजी की और ऑस्ट्रेलिया को उनकी पहली पारी में 177 रन पर ऑलआउट किया।
इसके बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने पहली पारी में 212 गेंदों में 15 चौके और दो छक्कों की मदद से 120 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 400 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में सभी विकेट खोकर 91 रन ही बना पाई। इसी के साथ भारत के पूर्व बल्लेबाजी कोच संजय बांगर ने रोहित शर्मा की बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की है और कहा है कि जिस तरीके से 2018-19 दौरे में चेतेश्वर पुजारा ने ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर को खेला था वैसी ही बल्लेबाजी रोहित शर्मा ने इस मैच में की।
स्टार स्पोर्ट्स में बातचीत के दौरान संजय बांगर ने कहा कि, ‘रोहित शर्मा की बल्लेबाजी की सबसे अच्छी बात यह रही कि उन्होंने काफी अच्छी सोच के साथ ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को खेला। उन्होंने आगे बढ़कर कुछ गेंदों को डिफेंड भी किया। उन्होंने मुझे चेतेश्वर पुजारा की याद दिला दी। जिस तरीके से पुजारा ने ऑस्ट्रेलिया को ऑस्ट्रेलिया में मात दी थी रोहित शर्मा ने उसी तरीके से भारत में स्पिनर्स को मात दी।’
रोहित ने दोनों दिन अलग-अलग तरीके से बल्लेबाजी की: संजय बांगर
बांगर ने आगे कहा कि, ‘उन्होंने आगे आकर काफी अच्छी तरह से डिफेंड किया। ज्यादातर खिलाड़ी जब आगे बढ़ते हैं तो बड़े शॉर्ट्स खेलते हैं लेकिन रोहित ने ऐसा बिल्कुल नहीं किया। उन्होंने दोनों दिन अलग-अलग तरीके से बल्लेबाज़ी की। पहले दिन जब वो बल्लेबाजी करने उतरे तब उनका रवैया काफी अलग था। उन्हें पता था कि उन्हें अच्छी शुरुआत करनी है जिससे टीम के ऊपर दबाव ना पड़े। जब ऑस्ट्रेलिया ने अच्छी गेंदबाजी की तो उन्होंने डिफेंसिव रवैया के साथ बल्लेबाजी की।’
इरफान पठान ने भारतीय कप्तान की बल्लेबाजी को लेकर कहा कि, ‘जब तेज गेंदबाज अच्छी लेंथ में गेंदबाजी कर रहे थे तब उन्होंने काफी सम्मानजनक बल्लेबाजी की और अपना धैर्य नहीं खोया। जब गेंद छोटी थी तब उन्होंने काफी अच्छी तरह से पुल शॉट्स खेले।’