'वैभव सूर्यवंशी में दिखती है 16 साल के सचिन की झलक' पूर्व भारतीय ने दिया बड़ा बयान

‘वैभव सूर्यवंशी में दिखती है 16 साल के सचिन की झलक’ पूर्व भारतीय ने दिया बड़ा बयान

दुनिया के बड़े गेंदबाजों के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद वैभव को मिला बड़ा सम्मान

Vaibhav Sooryavanshi (Image credit Twitter - X)
Vaibhav Sooryavanshi (Image credit Twitter – X)

आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोरने वाले वैभव सूर्यवंशी की तारीफों का सिलसिला लगातार जारी है। इस बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर अतुल वासन ने युवा बल्लेबाज की तुलना सचिन तेंदुलकर के शुरुआती दिनों से करते हुए उन्हें असाधारण प्रतिभा का धनी बताया है।

महज 15 साल की उम्र में वैभव ने आईपीएल 2026 में 16 पारियों में 776 रन बनाए और पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 237.30 का रहा, जिसने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया।

सचिन जैसी निडरता और परिपक्वता

अतुल वासन का मानना है कि वैभव में वही आत्मविश्वास और साहस दिखाई देता है, जो उन्होंने 1989 में पाकिस्तान दौरे पर युवा सचिन तेंदुलकर में देखा था। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों के खिलाफ जिस तरह वैभव ने बल्लेबाजी की, वह बेहद दुर्लभ है।

वासन के अनुसार, वैभव केवल एक अच्छे खिलाड़ी नहीं बल्कि ऐसी प्रतिभा हैं जो कई वर्षों में एक बार देखने को मिलती है। उनकी बल्लेबाजी में प्राकृतिक ताकत और खास एक्स-फैक्टर नजर आता है।

सिर्फ टी20 स्टार नहीं, बनना होगा संपूर्ण खिलाड़ी

हालांकि, वासन ने वैभव को लेकर एक महत्वपूर्ण सलाह भी दी। उनका मानना है कि युवा बल्लेबाज को केवल टी20 क्रिकेट तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्हें टेस्ट क्रिकेट खेलने और खुद को हर प्रारूप में साबित करने का लक्ष्य रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड तोड़ने या बड़े आंकड़ों के बारे में सोचने के बजाय वैभव को सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और विराट कोहली जैसे लंबे समय तक सफल रहने वाले खिलाड़ियों से प्रेरणा लेनी चाहिए।

वासन ने कहा कि किसी भी बल्लेबाज को असली सम्मान टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करके ही मिलता है। टी20 में बड़े शॉट लगाना एक बात है, लेकिन कठिन परिस्थितियों में लाल गेंद के खिलाफ रन बनाना अलग चुनौती होती है।

उन्होंने भरोसा जताया कि वैभव में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने की पूरी क्षमता है। उनके मुताबिक युवा बल्लेबाज ने पहले ही दुनिया के कई बड़े गेंदबाजों के खिलाफ खुद को साबित कर दिया है और भविष्य में भारतीय टीम का अहम हिस्सा बन सकता है।

close whatsapp