‘मुझे पूरा यकीन था कि वो एक दिन बड़ा खिलाड़ी बनेगा’- तिलक वर्मा को लेकर बोले उनके बचपन के कोच
वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में तिलक वर्मा ने लगाया शानदार अर्धशतक।
अद्यतन - अगस्त 7, 2023 4:37 अपराह्न

तिलक वर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले दो टी20I में क्रमशः 39 और 51 की पारी खेलकर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शानदार शुरुआत की है। भले ही वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही हो और वे 0-2 से पिछड़ रहे हों, लेकिन इस बीच तिलक वर्मा ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत बेहतरीन अंदाज में की है।
त्रिनिदाद में खेले गए पहले मैच में बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 22 गेंदों में 39 रन बनाए। इसके बाद उन्होंने दूसरे टी20I में उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 41 गेंदों में 51 रन बनाए। हैदराबाद के लिए घरेलू स्तर पर और मुंबई इंडियंस के लिए इंडियन प्रीमियर लीग में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बाद, तिलक को कैरेबियाई दौरे के लिए भारत की टी20 टीम के लिए चुना गया। उन्हें इस सीरीज में अब तक दोनों मैचों में जो मौके मिले हैं उसको उन्होंने दोनों हाथों से भुनाया है ।
कोच सलाम बयाश ने तिलक वर्मा को लेकर किया बड़ा खुलासा
इसी बीच तिलक वर्मा के बचपन के कोच सलाम बयाश ने खुलासा किया कि जब तिलक ने उन्हें भारतीय टीम में पहली बार सेलेक्शन की खबर दी तो वे कितने उत्साहित थे। उन्होंने युवा खिलाड़ी की परवरिश की प्रशंसा करते हुए, कहा कि उन्हें हमेशा विश्वास था कि गुंटूर में जन्मा यह खिलाड़ी एक दिन बड़ा खिलाड़ी बनेगा।
कोच सलाम बयाश ने न्यूज18 क्रिकेटनेक्स्ट के हवाले से कहा कि, “वह बहुत ही साधारण पृष्ठभूमि से हैं और उनके परिवार ने उन्हें शिक्षक का सम्मान करना सिखाया है। उसके बारे में बात करें तो वह भी बहुत विनम्र बच्चा है। मैं मेहनत करवाया, वो मेहनत किया, देने वाला तो ऊपर वाला ही है। मैं उसके लिए बहुत खुश हूं। हर कोच अपने छात्र को देश के लिए खेलते हुए देखना चाहता है और मेरी इच्छा पूरी हो गई।”
उन्होंने आगे कहा कि, “जैसे ही उनका चयन भारतीय टीम के लिए हुआ, उन्होंने मुझे वीडियो कॉल किया। मैं उस वक्त गाड़ी चला रहा था। लेकिन वह फोन करता रहा और आखिरकार मैंने अपनी गाड़ी पार्क की और उसका फोन उठाया। फिर उन्होंने मुझे खबर दी कि उनका चयन भारतीय टीम में हो गया है। वह खुश थे और मैं भी। मेरा हमेशा से मानना था कि उनका एक बड़ा खिलाड़ी बनना तय है और हम इस दिशा में कड़ी मेहनत करते रहे।”