IPL 2023 में रोहित शर्मा की बैटिंग ऑर्डर में बदलाव चाहते हैं अनिल कुंबले, बताई खास वजह
पिछले सीजन में रोहित शर्मा ने ईशान किशन के साथ मिलकर पारी का आगाज किया था।
अद्यतन - Mar 30, 2023 8:05 pm

भारत के पूर्व गेंदबाज अनिल कुंबले ने टीम इंडिया और मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा को लेकर बड़ा बयान दिया है। बता दें कुंबले ने 2013 में मुंबई इंडियंस के मेंटर के तौर पर काम किया है। हाल ही में उन्होंने रोहित शर्मा को लेकर खुलासा करते हुए कहा कि वह यह कहने से कभी नहीं डरते थे कि उनके पास क्या है।
दरअसल, जिओ सिनेमा के एक शो पर बातचीत करते हुए अनिल कुंबले ने कहा, रोहित कभी भी अपनी बात को कहने से नहीं डरते थे। जिनके पास बहुत अनुभव था, वह उनके पास भी जाते थे, लेकिन फिर अपने फैसले उन्होंने खुद ही लिए। एक कप्तान से आप यही चाहते हैं। इतना ही नहीं अनिल कुंबले ने उनके बल्लेबाजी क्रम को लेकर भी बात की।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा, विशेष रूप से मौजूदा मुंबई इंडियंस टीम के साथ आपको मिडिल आर्डर में उस अनुभव की आवश्यकता है, जैसा रोहित के पास है। मुंबई इंडियंस के पास कुछ अद्भुत बल्लेबाज हैं, इनमे से एक खुद इस टीम के कप्तान रोहित शर्मा है।
रोहित शर्मा को मिडल आर्डर में खेलना चाहिए-अनिल कुंबले
अनिल कुंबले ने कहा, मुझे लगता है कि मध्य क्रम में रोहित शर्मा जैसा कोई खिलाड़ी आकर सात से 15 ओवर में चीजें कंट्रोल कर लेता है तो यह टीम के लिए अहम होगा। उनका मिडिल आर्डर में खेलना उनकी टीम के लिए बेहतर साबित हो सकता है।
बता दें पिछले सीजन में रोहित शर्मा ने ईशान किशन के साथ मिलकर पारी का आगाज किया था। रोहित शर्मा आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। उनकी अगुवाई में मुंबई इंडियंस ने 5 बार आईपीएल की ट्रॉफी अपने नाम की है। वहीं आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस अपना पहला मैच 2 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ खेलेगी। इस बार मुंबई की टीम को जसप्रीत बुमराह की कमी खल सकती है, क्योंकि वह चोट के कारण आईपीएल का हिस्सा नहीं हैं।