केएल राहुल पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह से तैयार होंगे: स्कॉट स्टायरिस
इस समय वो जितने ज्यादा मुकाबले खेलेंगे उतनी जल्दी वो फॉर्म में वापस आएंगे। नेट्स में भी वो जमकर अभ्यास कर रहे होंगे, तो मुझे लगता है कि पाकिस्तान के खिलाफ वो पूरी तरह से तैयार होंगे: स्कॉट स्टायरिस
अद्यतन - अगस्त 24, 2022 3:49 अपराह्न

न्यूजीलैंड टीम के पूर्व ऑलराउंडर खिलाड़ी स्कॉट स्टायरिस ने कहा है कि एशिया कप 2022 में 28 अगस्त को होने वाले पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल पूरी तरह से तैयार होंगे और वो इस मुकाबले में जबरदस्त प्रदर्शन करेंगे।
बता दें, चोटिल होने के बाद केएल राहुल ने जिंबाब्वे दौरे में वापसी की। पहले वनडे मुकाबले में उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिल सका। दूसरे वनडे मुकाबले में उन्होंने मात्र 1 रन बनाया और तीसरे वनडे मुकाबले में 30 रन बनाए। राहुल को जिंबाब्वे के खिलाफ खेली जा चुकी इस वनडे सीरीज में भारतीय टीम का कप्तान नियुक्त किया गया था। राहुल का प्रदर्शन IPL में भी काफी अच्छा रहा था। उन्होंने 15 मुकाबलों में 51.33 के औसत से 616 रन बनाए थे।
स्कॉट स्टायरिस को केएल राहुल के इस समय के फॉर्म की चिंता नहीं है। उनका मानना है कि किसी भी खिलाड़ी के लिए चोट लगने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर में वापसी करना काफी मुश्किल होता है और जैसे-जैसे राहुल मुकाबले खेलते रहेंगे वैसे-वैसे वो अपने पुराने फॉर्म में वापस आते रहेंगे। नेट्स में भी वो पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए जमकर अभ्यास कर रहे होंगे।
मैं केएल राहुल के फॉर्म को लेकर बिल्कुल भी परेशान नहीं हूं: स्कॉट स्टायरिस
न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर ने स्पोर्ट्स 18 से कहा कि, ‘सबसे पहली बात मैं केएल राहुल के फॉर्म को लेकर बिल्कुल भी परेशान नहीं हूं। मैं तब ज्यादा परेशान होता अगर वो अपनी हर पारी में 5-10 गेंदें खेल रहे होते और आउट हो जा रहे होते। लेकिन उन्होंने पिछले मुकाबले में 46 गेंदें खेली जो मुझे लगता है अच्छी बात है।
इसका मतलब यह है कि वो क्रीज़ में अपने आपको ज्यादा से ज्यादा समय देना चाह रहे हैं और खुद अच्छा प्रदर्शन करने को देख रहे हैं। इस समय वो जितने ज्यादा मुकाबले खेलेंगे उतनी जल्दी वो फॉर्म में वापस आएंगे। नेट्स में भी वो जमकर अभ्यास कर रहे होंगे, तो मुझे लगता है कि पाकिस्तान के खिलाफ वो पूरी तरह से तैयार होंगे।
उन्होंने आगे कहा कि, ‘शाहीन अफरीदी इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे हैं जो राहुल के लिए काफी अच्छी बात है। घुटने में लगी चोट की वजह से अफरीदी को इस टूर्नामेंट में खेलते हुए नहीं देखा जाएगा। जिस तरीके से वो स्टंप्स पर कड़ा प्रहार करते हैं उसी तरीके से आप राहुल को आउट कर सकते हैं, या तो बोल्ड या एलबीडब्लू।
हमने ऋषभ पंत के लिए बात कर ली, अब शुभमन गिल के लिए बात करनी चाहिए: सबा करीम
भारत के पूर्व क्रिकेटर सबा करीम जो इसी शो के एक हिस्सा थे उन्होंने युवा बल्लेबाज शुभमन गिल की जमकर प्रशंसा की। उनके मुताबिक टीम में अपनी जगह बनाने के लिए सभी खिलाड़ी बड़ा स्कोर बनाने को देख रहे हैं।
सबा करीम ने कहा कि, ‘भारतीय टीम के युवा खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। 2-3 ऐसे भी खिलाड़ी हैं जिनको आप सभी प्रारूपों के लिए चुन सकते हैं। इस लिस्ट में सबसे ऊपर नाम शुभमन गिल का है। हमने ऋषभ पंत के बारे में बात कर ली है, अब हमें शुभमन गिल के बारे में बात करनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि, ‘तमाम ऐसे खिलाड़ी है जो ऊपर आकर काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसका मतलब यह भी है कि भारतीय टीम में इस समय सभी खिलाड़ियों के बीच में काफी मजबूत मुकाबला है। जिसको भी मौका मिलता है वह बड़ा स्कोर बनाने को देखता है और टीम में अपनी जगह पक्की करने को भी।