दूसरे टेस्ट मैच में सूर्यकुमार यादव की जगह खेल सकते हैं श्रेयस अय्यर, कोच राहुल द्रविड़ ने दिए संकेत
17 फरवरी से दिल्ली में खेला जाएगा भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टेस्ट मैच
अद्यतन - फरवरी 15, 2023 6:44 अपराह्न

पूरी तरह से फिट हो चुके भारतीय क्रिकेट टीम के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज श्रेयस अय्यर दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
बता दें कि इस समय ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम चार मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारत दौरे पर है और नागपुर टेस्ट मैच को जीतने के बाद मेजबान टीम इंडिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। तो वहीं अब दोनों टीमों के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच दिल्ली के अरूण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा।
राहुल द्रविड़ ने दिए संकेत
बता दें कि दिल्ली में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले आयोजित प्री मैच काॅन्फ्रेंस में राहुल द्रविड़ ने श्रेयस अय्यर को लेकर बड़ा बयान दिया है। राहुल ने कहा, इंजरी से वापस आना हर खिलाड़ी के लिए अच्छ होता है। हम इंजरी के कारण किसी भी खिलाड़ी को नहीं खोना चाहेंगे।
द्रविड़ ने आगे कहा, इंजरी का सामना करना ना ही खिलाड़ी के लिए अच्छा होता है और ना ही टीम के लिए। मुझे खुशी है कि वो (श्रेयस अय्यर) टीम में वापिस आ गया है और फिट है। हम कुछ दिनों की ट्रेनिंग के बाद फैसला लेंगे। उन्होंनें बुधवार को काफी ट्रेनिंग की है।
वो कल भी बल्लेबाजी की ट्रेनिंग करेंगे और फिर हम देखेंगे कि यह कैसा रहता है। यदि वह फिट है और टेस्ट मैच के पांच दिनों के लिए खेलने के लिए तैयार है, तो बिना किसी संदेह के अपने पिछले प्रदर्शन के साथ, वह टीम की प्लेइंग इलेवन में एंट्री करेगा।
बता दें कि अय्यर सोमवार 13 फरवरी को नेशनल क्रिकेट एकेडमी बैंगलोर से फिट घोषित किए गए हैं और उसके बाद वह भारतीय टीम से जुड़े थे। साथ ही उन्हें दिल्ली टेस्ट मैच से पहले प्रैक्टिस करते हुए भी देखा गया था। बता दें कि श्रेयस बैक इंजरी के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ लिमिटेड ओवर की टेस्ट सीरीज और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला टेस्ट मैच नहीं खेल पाए थे।