लीड्स टेस्ट मैच हारने के बाद शुभमन गिल ने दिया बड़ा बयान

‘काश ऐसा होता’- लीड्स टेस्ट मैच हारने के बाद शुभमन गिल ने क्यों कहा ऐसा

शुभमन गिल ने लीड्स टेस्ट मैच की पहली पारी में शतक लगाया था।

Shubman Gill (Photo Source: X)
Shubman Gill (Photo Source: X)

शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम ने इंग्लैंड दौरे की शुरुआत हार के साथ की। इंग्लैंड ने लीड्स में खेले गए पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले को पांच विकेट से जीत लिया। मेजबान टीम ने मंगलवार को पांचवें दिन 371 रनों के लक्ष्य को हासिल किया।

यह गिल का टेस्ट कप्तान के रूप में पहला मैच था। हार के बाद गिल ने अपनी निराशा जाहिर की। उन्हें दो बातों का सबसे अधिक मलाल है। इसके अलावा, उन्होंने निचले क्रम के बल्लेबाजों के रन न बना पाने को हार का एक प्रमुख कारण बताया।

गिल ने मैच के बाद कहा, ”यह शानदार टेस्ट मैच था। हमारे पास मौके थे लेकिन हमने कैच छोड़े और निचले क्रम से भी रन नहीं बने। लेकिन टीम पर गर्व है और कुल मिलाकर अच्छा प्रयास था। कल (सोमवार) हम 430 के करीब रन बनाकर पारी घोषित करने की सोच रहे थे लेकिन निचले क्रम पर रन नहीं बनने से मुश्किल हो गई।”

उन्होंने कहा, ”हमने निचले क्रम के योगदान पर बात की लेकिन यह इतनी जल्दी (विकेटों का पतन) हो गया। हमें आने वाले मैचों में इसमें सुधार करना होगा।” उन्होंने कैच छूटने पर फील्डर्स का बचाव करते हुए कहा, ”इस तरह की विकेटों पर आसानी से मौके नहीं मिलते। यह युवा टीम है और सीख रही है। उम्मीद है कि इन पहलुओं पर आगे बेहतर प्रदर्शन होगा।”

भारत के धाकड़ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इंग्लैंड दौरे पर सभी पांच टेस्ट मैचों में नहीं खेलेंगे। उन्हें वर्कलोड मैनेज करने के चलते आराम दिया जाएगा। बुमराह कौन से मैच खेलेंगे? फिलहाल, गिल ने इस बारे में स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं कहा। बुमराह की उपलब्धता पर पूछे जाने पर कप्तान ने कहा, ”हम मैच दर मैच देखेंगे। दूसरे टेस्ट के करीब आने पर फैसला लिया जाएगा।” सीरीज का दूसरा टेस्ट दो जुलाई से बर्मिघम में आयोजित होगा।

close whatsapp