टी20 वर्ल्ड कप 2024: अफगानिस्तान टीम के प्रदर्शन के मुरीद हुए इरफान पठान, सोशल मीडिया पर की जमकर प्रशंसा
अफगानिस्तान टीम की ओर से अनुभवी तेज गेंदबाज फजलहक फारूकी ने इस टूर्नामेंट में बेहतरीन गेंदबाजी की है और तीन मैच में 12 विकेट झटके हैं।
अद्यतन - Jun 15, 2024 6:19 pm

पूर्व भारतीय खिलाड़ी इरफान पठान ने अफगानिस्तान टीम के आईसीसी टूर्नामेंट में प्रदर्शन की जमकर प्रशंसा की है। बता दें, इस समय खेले जा रहे आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 में अफगानिस्तान टीम का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। उन्होंने तीन मुकाबले खेले हैं और तीनों में ही जीत दर्ज की है। यही नहीं अफगान टीम इस शानदार टूर्नामेंट के सुपर 8 में भी अपनी जगह बना चुकी है।
इरफान पठान ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर अफगानिस्तान टीम के विकास को लेकर अपना पक्ष रखा। यही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि सुपर 8 में भी टीम के प्रदर्शन में काफी बदलाव देखने को मिलेगा। अफगानिस्तान की बात की जाए तो अपने पहले मैच में टीम ने युगांडा को 125 रनों से हराया था। इसके बाद उन्होंने न्यूजीलैंड को 84 रनों से करारी शिकस्त दी। अपने पिछले मैच में अफगानिस्तान ने पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ 7 विकेट से जीत दर्ज की और सुपर 8 में अपनी जगह पक्की की।
इरफान पठान ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि, ‘भारत के प्रदर्शन के अलावा इस वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान क्रिकेट के विकास को लेकर भी मैं बहुत खुश हूं। उनके गेंदबाजों के पास खास कला है और अब बल्लेबाज भी अपना काम बखूबी से निभा रहे हैं। सुपर 8 के लिए टीम को ढेर सारी शुभकामनाएं।’
यह रहा इरफान पठान का ट्वीट:
Apart from India's performance, the most heartening thing to see in this World Cup is the growth of Afghanistan cricket. Their bowlers have always had special skills, and now their batsmen are stepping up significantly. Good luck to them in the Super 8!
— Irfan Pathan (@IrfanPathan) June 15, 2024
अफगानिस्तान टीम की ओर से अनुभवी तेज गेंदबाज फजलहक फारूकी ने इस टूर्नामेंट में बेहतरीन गेंदबाजी की है और तीन मैच में 12 विकेट झटके हैं। सबसे खास बात यह है कि फारूकी इस टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं और उन्होंने दो बार प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड भी अपने नाम किया है। कप्तान राशिद खान ने भी अपनी भूमिका काफी अच्छी तरह से निभाई है। अब टीम को अपना अंतिम ग्रुप स्टेज मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ 18 जून को सेंट लूसिया में खेलना है।
इसके बाद अफगान टीम सुपर 8 के मैच खेलेगी। अफगानिस्तान के अलावा अभी तक सुपर 8 में भारत, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और USA ने अपनी जगह पक्की कर ली है। अफगानिस्तान टीम खुद यही चाहेगी कि वो अपने इसी फॉर्म को आगे भी जारी रखें और इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट के फाइनल को अपने नाम करें।