MLC 2023: हेनरिक क्लासेन की तूफानी पारी के आगे बेबस दिखे MI न्यूयॉर्क, टूर्नामेंट के आखिरी लीग मैच में सिएटल ओर्कास ने जीत दर्ज की
इस मुकाबले में हेनरिक क्लासेन ने अपनी टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया और 44 गेंदों में 9 चौके और 7 छक्कों की मदद से 110 रनों की नाबाद पारी खेली।
अद्यतन - जुलाई 26, 2023 3:47 अपराह्न

मेजर लीग क्रिकेट 2023 के आखिरी लीग मुकाबले में टेबल टॉपर सिएटल ओर्कास ने MI न्यूयॉर्क को 2 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ सिएटल ओर्कास ने अंक तालिका में टॉप स्थान अपने नाम किया।
बता दें, इस शानदार मुकाबले में सिएटल ओर्कास ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। MI न्यूयॉर्क ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 194 रन बनाए। टीम की ओर से विकेटकीपर-बल्लेबाज निकोलस पूरन ने 34 गेंदों में तीन चौके और 7 छक्कों की मदद से 68 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनके अलावा कप्तान कायरन पोलार्ड ने 18 गेंदों में 1 चौके और तीन छक्कों की मदद से 34 रन बनाए। ट्रेंट बोल्ट ने 6 गेंदों में एक चौके और दो छक्कों की मदद से 20 रनों की नाबाद पारी खेली जबकि टिम डेविड ने 18 रनों का योगदान दिया।
डेविड वीज ने 13 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 19 रन बनाए जबकि शायन जहांगीर ने भी 19 रनों का बहुमूल्य योगदान दिया। सिएटल ओर्कास की ओर से इमाद वसीम और हरमीत सिंह ने दो-दो विकेट झटके। उनके अलावा एंड्रयू टाई और कैमरन गेनन ने 1-1 विकेट हासिल किया।
हेनरिक क्लासेन ने अपनी टीम की ओर से जड़ा नाबाद मैच जिताऊ शतक
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिएटल ओर्कास की शुरुआत इतनी अच्छी नहीं रही और टीम को पहला झटका मात्र 25 रन पर लगा। सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक मात्र 9 रन बनाकर आउट हो गए। ओर्कास की ओर से नोमान अनवर ने 30 गेंदों में छह चौके और तीन छक्कों की मदद से 51 रनों की बेहतरीन पारी खेली। हालांकि इस मुकाबले में हेनरिक क्लासेन ने अपनी टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया और 44 गेंदों में 9 चौके और 7 छक्कों की मदद से 110 रनों की नाबाद मैच जिताऊ पारी खेली।
उन्होंने MI न्यूयॉर्क के किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा और सभी पर कड़ा प्रहार किया। बता दें, यह मेजर लीग क्रिकेट का पहला शतक है। MI न्यूयॉर्क की ओर से ट्रेंट बोल्ट ने 4 ओवर में 31 रन देकर 4 विकेट झटके जबकि राशिद खान ने 4 ओवर में 41 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। यह मेजर लीग क्रिकेट का अभी तक का सबसे सफल रन चेज है।
अब मेजर लीग क्रिकेट 2023 पहला क्वालीफायर और एलिमिनेटर 27 जुलाई को खेला जाएगा। 28 जुलाई को चैलेंजर होगा जबकि इस शानदार टूर्नामेंट का फाइनल 30 जुलाई को होगा।