मेजर लीग क्रिकेट 2023: पहले छक्का जड़ अपने युवा फैन को आंद्रे रसेल ने किया चोटिल, फिर गले लगकर मांगी माफी - क्रिकट्रैकर हिंदी

मेजर लीग क्रिकेट 2023: पहले छक्का जड़ अपने युवा फैन को आंद्रे रसेल ने किया चोटिल, फिर गले लगकर मांगी माफी

लॉस एंजेलिस नाइट राइडर्स ने अपना पिछला मुकाबला वॉशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ खेला था जिसमें इस शानदार खिलाड़ी ने 37 गेंदों में 70 रनों की अविश्वसनीय पारी खेली थी।

Andre Russell (Pic Source-Twitter)
Andre Russell (Pic Source-Twitter)

आंद्रे रसेल को दुनिया के विस्फोटक बल्लेबाजों में गिना जाता है। वो कमाल के गेंदबाज भी हैं। आंद्रे रसेल ने अपनी टीम को कई मुकाबलों में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए जीत दिलाई है खासतौर पर फ्रेंचाइजी क्रिकेट में उनका एक अलग ही स्तर है।

इस समय आंद्रे रसेल मेजर लीग क्रिकेट के पहले संस्करण में लॉस एंजेलिस नाइट राइडर्स की ओर से खेल रहे हैं। भले ही टीम का प्रदर्शन इतना अच्छा ना रहा हो लेकिन आंद्रे रसेल ने अभी तक इस टूर्नामेंट में काफी अच्छी बल्लेबाजी की है। बता दें, लॉस एंजेलिस ने अभी तक इस टूर्नामेंट में कुल 4 मुकाबले खेले हैं और चारों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। वो इस टूर्नामेंट से बाहर होने वाली पहली टीम है।

आंद्रे रसेल ने अभी तक 4 मुकाबलों में 84.50 के औसत और 164.08 के स्ट्राइक रेट से 169 रन बनाए हैं। लॉस एंजेलिस नाइट राइडर्स ने अपना पिछला मुकाबला वॉशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ खेला था जिसमें इस शानदार खिलाड़ी ने 37 गेंदों में 70 रनों की अविश्वसनीय पारी खेली थी। उनकी इस पारी की वजह से लॉस एंजलिस नाइट राइडर्स ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए। आंद्रे रसेल ने अपनी इस पारी में 6 चौके और 6 छक्के जड़े थे।

हालांकि उनका एक छक्का स्टैंड में बैठे युवा फैन को लगा। यह छक्का उस युवा फैन के सिर में लगा। हालांकि मुकाबला खत्म होने के बाद आंद्रे रसैल उस छोटे से बच्चे से मिलने गए। वो उसके गले भी मिले और यह भी पूछा कि क्या उनकी चोट ठीक है। साथ ही उन्होंने युवा खिलाड़ी को यह भी सलाह दी कि, ‘अगली बार जब आंद्रे रसेल बल्लेबाजी कर रहे हो तो अपनी आंखों को गेंद पर रखो।’

लॉस एंजेलिस नाइट राइडर्स को अब सिएटल ओर्कास के खिलाफ अपना आखिरी मुकाबला खेलना है

बता दें, लॉस एंजेलिस नाइट राइडर्स को अब अपना आखिरी मुकाबला सिएटल ओर्कास के खिलाफ आज यानी 23 जुलाई को खेलना है। सिएटल ओर्कास के खिलाफ लॉस एंजेलिस नाइट राइडर्स को जीतना इतना आसान नहीं होने वाला है क्योंकि वो प्लेऑफ के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुकी। आंद्रे रसेल इस मैच में भी बेहतरीन बल्लेबाजी करने को देखेंगे और अपनी टीम की जीत में अहम योगदान देना चाहेंगे।

close whatsapp