‘केएल राहुल के लिए अब परेशानी काफी बढ़ गई है’: वनडे वर्ल्ड कप 2023 की भारतीय टीम की ओपनिंग को लेकर ब्रेट ली ने कही ये बात
इस बार वनडे वर्ल्ड कप भारत में ही खेला जाना है और मेजबान जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए यह ट्रॉफी अपने नाम करने मैदान पर उतरेगी।
अद्यतन - Dec 26, 2022 5:08 pm

2023 में ICC वनडे वर्ल्ड कप खेला जाना है और इस शानदार टूर्नामेंट को लेकर सभी टीमों ने अभी से अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। कई टीमें अपने बेहतरीन खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा मुकाबलों में प्लेइंग XI में शामिल कर रही हैं जिससे वो वनडे वर्ल्ड कप में बेहतरीन प्रदर्शन कर पाए। भारतीय टीम को भी जल्द से जल्द अपनी योजनाओं को सही करने की जरूरत है।
बता दें, इस साल ऑस्ट्रेलिया में टी-20 वर्ल्ड कप 2022 खेला गया था जिसमें भारतीय टीम में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। हालांकि वो फाइनल में पहुंचने में नाकाम रहे थे। सेमीफाइनल में उन्हें इंग्लैंड के हाथों 10 विकेट से मात मिली थी। इस बार वनडे वर्ल्ड कप भारत में ही खेला जाना है और मेजबान जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए यह ट्रॉफी अपने नाम करने मैदान पर उतरेगी। उन्होंने इससे पहले 2011 में वनडे वर्ल्ड कप जीता था।
हालांकि पिछले 1 साल में भारतीय टीम के कई खिलाड़ी चोटिल हो गए हैं और टॉप ऑर्डर का प्रदर्शन भी ठीक-ठाक रहा है। कई युवा खिलाड़ियों ने पिछले कुछ समय से काफी जबरदस्त बल्लेबाजी और गेंदबाजी की है और चयनकर्ताओं को उनको भी मौका देना चाहिए। हालांकि इस समय मैनेजमेंट के लिए सबसे बड़ी चिंता केएल राहुल का फॉर्म है। केएल राहुल इस समय भारतीय टीम में अपनी जगह के लिए जबरदस्त लड़ाई कर रहे हैं।
इशान किशन रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करते हुए नजर आ सकते हैं: ब्रेट ली
हाल ही में इशान किशन ने बांग्लादेश में वनडे प्रारूप में अपना पहला दोहरा शतक जड़ तमाम लोगों को यह बता दिया कि अब उनकी जगह भारतीय टीम में कोई नहीं ले सकता। शुभमन गिल ने भी टॉप ऑर्डर में काफी अच्छी बल्लेबाजी की है। हालांकि अब जब रोहित शर्मा चोट से ठीक होने के बाद टीम में वापसी करेंगे तब यह सबसे बड़ा सवाल होगा कि उनके साथ कौन ओपनिंग करते हुए नजर आएगा? इसी को लेकर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने बड़ा बयान दिया है।
ब्रेट ली ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल में कहा कि, ‘जब रोहित शर्मा की वापसी होगी तो प्लेइंग XI को लेकर काफी सवाल उठाए जाएंगे। उनके साथ ओपनिंग करने के लिए राहुल और धवन ही दो विकल्प हैं लेकिन यह भी सच है कि किशन ने शानदार दोहरा शतक जड़ चयनकर्ताओं के लिए काफी परेशानी बढ़ा दी है। इशान किशन को अभी तक जितने भी मौके मिले हैं उन्होंने उसमें कमाल का प्रदर्शन किया है। धवन और राहुल के लिए अब चीजें आसान नहीं होगी।’
ब्रेट ली ने आगे कहा कि, ‘भारत में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप 2023 में किशन मेजबान टीम के लिए ओपनिंग करते हुए नजर आ सकते हैं। लेकिन क्या ये होगा? मुझे नहीं पता। लेकिन क्या यह होना चाहिए? हां जरूर क्यों नहीं। इस खिलाड़ी ने हाल ही में वनडे प्रारूप में सबसे तेज दोहरा शतक जड़ा है। अगर वह लगातार ऐसे ही प्रदर्शन करते हैं और फिट रहते हैं तो अगले कुछ महीनों में और भारत के लिए वर्ल्ड कप में पक्का ओपनिंग करते हुए नजर आएंगे।’