लॉर्ड्स टेस्ट मैच में इंग्लैंड की जीत के बाद देखिए WTC पॉइंट्स टेबल का ताजा हाल
लॉर्ड्स टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को पांच विकेट से दी मात।
अद्यतन - जून 5, 2022 9:09 अपराह्न

लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 5 विकेट से मात देकर टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला अपने नाम किया है। ये टेस्ट मुकाबला मात्र चार दिनों में ही समाप्त हो गया। इस मुकाबले में जहां एक तरफ पहली पारी में दोनों टीमों की तरफ से बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन देखने को मिला, वहीं दूसरी पारी बल्लेबाजों के नाम रही। इसी के साथ जो रूट ने इस मुकाबले में अपने 10000 टेस्ट रन भी पूरे किए।
पहली पारी में न्यूजीलैंड 132 रन बनाकर ऑल आउट हो गई थी जिसके बाद इंग्लैंड ने अपनी पारी में 141 रन बनाए थे। दूसरी पारी में डैरिल मिचल (108) की शतकीय पारी के बावजूद न्यूजीलैंड 285 रन ही बना पाई। 277 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने जो रूट (115) की नाबाद शतकीय पारी के बदौलत इस मुकाबले को 5 विकेट से जीत लिया।
इस बीच आपको बता दें कि, इस जीत के बाद इंग्लैंड ने आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2021-2023 की प्वाइंट्स टेबल में अपने जीत प्रतिशत को बेहतर कर लिया है। वहीं पिछले बार की विजेता न्यूजीलैंड को इस हार से काफी नुकसान हुआ है।
इस वक्त WTC पॉइंट्स टेबल में टॉप पर हैं ऑस्ट्रेलिया
इस मुकाबले को जीतने के बावजूद इंग्लैंड अंक तालिका में आठवें पायदान पर है। 13 मुकाबलों में उनके अभी तक सिर्फ 30 पॉइंट्स है। बता दें, 13 मुकाबलों में ये इंग्लैंड की दूसरी जीत है। वहीं न्यूजीलैंड का पॉइंट परसेंटेज 33.33 है और इस बार उनका फाइनल में पहुंचना काफी मुश्किल लग रहा है, कीवी टीम अंक तालिका में सातवें पायदान पर हैं।
बांग्लादेश इस वक्त अंक तालिका में सबसे नीचे हैं और उनका जीत प्रतिशत 16.67% है, वहीं वेस्टइंडीज 37.71 जीत प्रतिशत के साथ छठवें स्थान पर है। पाकिस्तान 52.38% के साथ पांचवें स्थान पर है।
श्रीलंका 55.56 के प्रतिशत पॉइंट से चौथे स्थान पर है वहीं भारत 58.33% के साथ तीसरे पायदान पर मौजूद है। दक्षिण अफ्रीका 71.43 % के साथ दूसरे स्थान पर है। इस वक्त आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2021-23 के पॉइंट्स टेबल में 75 प्रतिशत पॉइंट के साथ ऑस्ट्रेलिया टॉप पर है। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच अगला मुकाबला 10 जून को नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज स्टेडियम में खेला जाएगा।