रिकी पोंटिंग से काफी बेहतर खिलाड़ी हैं रोहित शर्मा: गौतम गंभीर - क्रिकट्रैकर हिंदी

रिकी पोंटिंग से काफी बेहतर खिलाड़ी हैं रोहित शर्मा: गौतम गंभीर

रोहित शर्मा इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने वनडे प्रारूप में तीन बार दोहरा शतक जड़ा है।

Ricky Ponting, Gautam Gambhir and Rohit Sharma (Pic Source-Twitter)
Ricky Ponting, Gautam Gambhir and Rohit Sharma (Pic Source-Twitter)

भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा को इस समय के लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट के बेहतरीन बल्लेबाजों में गिना जाता है। हालांकि इस समय वो अपने बेहतरीन फॉर्म में नहीं है। लेकिन तमाम लोगों को शर्मा से उम्मीद है कि वो जल्द ही अपने शानदार फॉर्म में लौटेंगे।

बता दें, अपने वनडे करियर के शुरुआती 6 साल में रोहित ने मात्र दो शतक जड़े थे। 2013 में महेंद्र सिंह धोनी ने उन्हें ओपनिंग की जिम्मेदारी दी और इस भारतीय क्रिकेटर ने भी इस मौके को दोनों हाथों से लपका।

वो इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने वनडे प्रारूप में तीन बार दोहरा शतक जड़ा है। सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग के बाद वो तीसरे ऐसे बल्लेबाज थे जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की थी। हालांकि इस समय तमाम लोग रोहित शर्मा और रिकी पोंटिंग की तुलना कर रहे हैं और इसी को लेकर गौतम गंभीर ने अपना पक्ष रखा।

जहां एक तरफ रिकी पोंटिंग ने वनडे प्रारूप में 375 मुकाबलों में 42 की औसत से 13704 रन बनाए थे। उनके नाम इस प्रारूप में 30 शतक हैं। वहीं दूसरी ओर रोहित शर्मा ने अभी तक 237 मुकाबलों में लगभग 49 की औसत से 9537 रन बनाए हैं। उन्होंने अभी तक 29 शतक जड़ दिए हैं। गौतम गंभीर का मानना है कि रोहित शर्मा रिकी पोंटिंग से काफी बेहतर बल्लेबाज हैं।’

रिकी पोंटिंग का रिकॉर्ड उपमहाद्वीप में काफी खराब रहा है: गौतम गंभीर

गौतम गंभीर ने भारत और श्रीलंका के बीच दूसरे वनडे मुकाबले से पहले स्टार स्पोर्ट्स में कहा कि, ‘सबसे हैरान कर देने वाली बात यह है कि पिछले 4 से 5 सालों में रोहित ने कई शतक जड़े हैं। उससे पहले उन्होंने लगातार रन नहीं बनाए थे। रोहित ने पिछले 5 से 6 सालों में लगभग 20 शतक जड़े हैं।’

संजय मांजरेकर जो इस पैनल में उनके साथ ही बैठे हुए थे उन्होंने कहा कि, ‘आप कुछ भूल गए।’

इस पर गौतम गंभीर ने कहा कि, ‘ नहीं रोहित शर्मा रिकी पोंटिंग से बेहतर खिलाड़ी हैं क्योंकि रिकी का रिकॉर्ड उपमहाद्वीप में काफी खराब था।’

बता दें, रोहित शर्मा ने उपमहाद्वीप में कुल 13 वनडे शतक जड़े हैं जबकि रिकी पोंटिंग ने 30 में से मात्र छह शतक उपमहाद्वीप में जड़े हैं।

close whatsapp