'कई लोग कहते थे कि आशीष नेहरा मेरे अंदर खुद को देखते हैं- GT के हेड कोच को लेकर यश दयाल का बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘कई लोग कहते थे कि आशीष नेहरा मेरे अंदर खुद को देखते हैं- GT के हेड कोच को लेकर यश दयाल का बयान

आईपीएल 2022 में गुजरात टाइटंस के हेड कोच थे आशीष नेहरा।

Yash Dayal. (Photo Source: IPL/BCCI)
Yash Dayal. (Photo Source: IPL/BCCI)

गुजरात टाइटंस के यश दयाल उन युवा तेज गेंदबाजों में शामिल थे, जिन्होंने इस साल के आईपीएल में अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने गुजरात टाइटंस के साथ अपने कार्यकाल के दौरान हेड कोच आशीष नेहरा के प्रभाव को लेकर भी बड़ा खुलासा किया है।

दयाल टाइटंस की प्रभावशाली गेंदबाजी यूनिट का हिस्सा थे जिसमें मोहम्मद शमी और राशिद खान जैसे बड़े-बड़े खिलाड़ी शामिल थे। उन्होंने इस सीजन 11 विकेट हासिल किए और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ फाइनल में तीन ओवरों में मात्र 18 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया। आईपीएल 2022 में अपनी टीम की पहली खिताबी जीत के बाद, 24 वर्षीय ने मुख्य कोच आशीष नेहरा के साथ अपने संबंधों को लेकर बात की।

यश दयाल ने जमकर की आशीष नेहरा की तारीफ

इंडिया न्यूज के हवाले से यश दयाल ने कहा कि, “मैं केवल इतना कहना चाहूंगा कि आशीष सर मेरे लिए एक आशीर्वाद की तरह हैं। वह मेरे लिए पिता के समान हैं। उन्होंने जो बातें कहीं उसका काफी प्रभाव मेरे ऊपर पड़ा। जब दूसरे मुझे और उन्हें बातचीत करते हुए देखते थे तो कहते थे कि आशीष सर मेरे अंदर खुद को देखते हैं।”

दयाल ने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज से मिली सलाह का भी खुलासा किया, जिससे उन्हें टूर्नामेंट के दौरान मदद मिली। उन्होंने कहा कि, “वो आपके ऊपर मानसिक रूप से ज्यादा दबाव नहीं डालते थेउन्होंने यही कहा कि सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मैंने जो किया है बस वही चीज यहां पर करनी है। बस यहां पर केवल एक्सपोजर थोड़ा ज्यादा है।”

दयाल ने आगे यह भी कहा कि, “उन्होंने कहा कि आपने सब कुछ ऐसी चीजों के लिए ही किया है, तो बस जाओ और खुद को व्यक्त करो। आपको इससे बेहतर मंच नहीं मिलेगा, और इन चीजों का आनंद लेना बहुत जरूरी है। इसके अलावा बाएं हाथ के युवा तेज गेंदबाज ने नेट्स के दौरान विश्व कप विजेता से मिले अटेंशन को भी पसंद किया। उन्होंने अपने प्रयासों के लिए कोच की सराहना की।

close whatsapp